Bihar News: बिहार पुलिस के विशेष कार्य बल (STF) को आज एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एसटीएफ की टीम ने पटना रेलवे स्टेशन से 'पांडव सेना' नामक कुख्यात गिरोह के सरगना संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। संजय सिंह पर हत्या, रंगदारी, नरसंहार और अवैध खनन जैसे 25 से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और बिहार समेत पड़ोसी राज्यों की पुलिस के लिए भी बड़ा सिरदर्द बना हुआ था।
संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी रीना देवी ने एक वीडियो संदेश जारी कर पति की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई है और एनकाउंटर की आशंका व्यक्त की है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- वसुंधरा राजे के पैलेस को उड़ाने की धमकी, सचिन पायलट के सामने सरेंडर...कौन था डकैत जगन गुर्जर? जिसकी जेल में हो गई हत्या
दिल्ली से पटना लौटते वक्त STF ने दबोचा
मिली जानकारी के अनुसार, कुख्यात संजय सिंह अपने पूरे परिवार के साथ विक्रमशिला एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर दिल्ली से पटना लौट रहा था।एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी इस ट्रेन से आ रहा है। जैसे ही ट्रेन पटना रेलवे स्टेशन पर रुकी, एसटीएफ की टीम ने जाल बिछा दिया। पुलिस को देखकर संजय सिंह ने स्टेशन पर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
AK-47 राइफल केस समेत दर्जनों संगीन मामले हैं दर्ज
संजय सिंह का आपराधिक इतिहास बेहद खौफनाक रहा है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, जबरन भूमि कब्जाने, नरसंहार, रंगदारी के लिए हत्या और अवैध बालू/पत्थर खनन से जुड़े 25 से ज्यादा गंभीर मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। पिछले साल बिहटा में हुए एक बड़े मामले, जिसमें पुलिस ने एक एके-47 (AK-47) राइफल बरामद की थी, उसमें भी संजय सिंह मुख्य रूप से पटना पुलिस के लिए वांछित चल रहा था।
पत्नी ने जारी किया वीडियो
संजय सिंह की गिरफ्तारी के कुछ ही समय बाद उसकी पत्नी रीना देवी ने एक वीडियो संदेश जारी किया है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में रीना देवी ने अपने पति की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उनका कहना है कि उन्हें डर है कि पुलिस हिरासत में उनके पति के साथ कोई अनहोनी हो सकती है या उनका एनकाउंटर किया जा सकता है। उन्होंने प्रशासन से कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करने की अपील की है।
आगे की कार्रवाई और पूछताछ जारी
एसटीएफ और स्थानीय पुलिस के आला अधिकारी फिलहाल संजय सिंह को गुप्त स्थान पर रखकर कड़ी पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस का मानना है कि संजय सिंह से पूछताछ के बाद पांडव सेना के नेटवर्क, हथियारों की तस्करी और उसके छिपे हुए अन्य साथियों के बारे में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
