Maharashtra TET Paper Leak: महाराष्ट्र के चर्चित TET पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ठाणे पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे बिहार के पटना के शेरपुर इलाके से पकड़ा गया है। इस गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है। हालांकि इस मामले में अभी भी 4 अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
आगरा से लीक हुआ था परीक्षा का पेपर
पुलिस जांच के अनुसार, TET परीक्षा के प्रश्नपत्र आगरा में छापे गए थे। आरोप है कि वहीं से पेपर लीक हुआ था। बिजेंद्र गुप्ता के चार साथियों ने अपने दो अन्य सहयोगियों के साथ पेपर आगरा से दिल्ली पहुंचाया। इसके बाद तीनों आरोपी पेपर लेकर महाराष्ट्र के भिवंडी पहुंचे। भिवंडी पुलिस ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान पूरे नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
पहले भी पेपर लीक मामले में आ चुका है नाम
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता का नाम इससे पहले 2023 के ओडिशा SSC पेपर लीक मामले में भी सामने आया था। जिसमें उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। लेकिन बाद में बालासोर जिला अदालत से कुछ शर्तों के साथ उसे जमानत मिल गई थी।
चार आरोपी अब भी फरार
बताया जा रहा है कि बिजेंद्र गुप्ता बिहार के शेरपुर गांव का रहने वाला है। सूत्रों के अनुसार, ठाणे पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही उसने अपने साथियों के साथ रविवार को एक गुप्त बैठक भी की थी। हालांकि इससे पहले ही पुलिस ने उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आगरा से पेपर उपलब्ध कराने वाले चार आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। ठाणे पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
