शहर

Bihar News: ट्रेन के इंजन से निकला धुआं, जान बचाने को चलती ट्रेन से कूदने लगे यात्री

पटना से सहरसा जा रही राजेन्द्र नगर-सहरसा इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन से अचानक धुआं निकलने पर सफर कर रहे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कई यात्री चलती ट्रेन से कूद गए।

Image

बिहार में पटना-सहरसा इंटरसिटी के इंजन से उठा धुआं

राजेन्द्र नगर-सहरसा इंटरसिटी एक्सप्रेस: बिहार की राजधानी पटना से सहरसा (Patna Saharsa Train) जा रही एक ट्रेन से धुआं उठने के बाद ट्रेन के अंदर अफरातफरी मच गई। ट्रेन के इंजन से धुआं निकलने की जानकारी जैसे ही यात्रियों को मिली, डर के मारे यात्रियों ने एक-एक कर ट्रेन से कूदना शुरू कर दिया। धुआं निकलने और यात्रियों के कूदने की जानकारी मिलते ही लोको पायलट ने ट्रेन को रोका और फिर कुछ ही देर में ट्रेन का एक डिब्बा लगभग पूरी तरह से खाली हो गया।

धुआं निकलने की यह घटना राजेन्द्र नगर–सहरसा इंटरसिटी एक्सप्रेस में दीदारगंज हॉल्क के पास हुई। ट्रेन के इंजन से धुआं निकलते ही यात्री खौफ में आ गए और कुछ ही मिनटों में ट्रेन के अंदर भगदड़ जैसे हालात बन गए।

जान बचाने को ट्रेन से कूदे यात्री

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही इंजन से धुआं उठता दिखा, किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका ने यात्रियों को घेर लिया। ट्रेन रुकने से पहले ही कई यात्री जान बचाने के लिए ट्रेन से नीचे कूदने लगे। देखते ही देखते ट्रेन की एक बोगी लगभग खाली हो गई। लोग जल्द से जल्द ट्रेन से उतरकर अपनी जान बचाने की कोशिश करने लगे।

दहशत में आए यात्री

ट्रेन के इंजन से धुआं निकलते और यात्रियों को कूदते देखकर लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाई। उसने तुरंत ट्रेन को दीदारगंज हॉल्ट के पास रोक दिया। ट्रेन के रुकते ही बाकी बचे यात्री भी ट्रेन से उतरने लगे। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के चेहरे पर दहशत साफ दिख रही थी। धुएं के कारण कुछ देर के लिए वहां के माहौल में डर फैल गया।

आधे घंटे दीदारगंज हॉल्ट पर खड़ी रही ट्रेन

इस घटना के बाद करीब आधे घंटे तक ट्रेन दीदारगंज हॉल्ट पर खड़ी रही। इस दौरान रेलवे कर्मियों और तकनीकी टीम इंजन की जांच की और धुआं निकलने के कारणों का पता लगाने की कोशिश की। जांच के बाद हालात सामान्य होने पर यात्रियों और रेलवे प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।

जानमाल का नुकसान नहीं

इस घटना में किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन अचानक हुए इस घटनाक्रम से यात्रियों में खौफ फैल गया। रेलवे अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इंजन से धुआं निकलने का असली आकरण क्या था।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article