बिहार में पिछले 10 साल से शराबबंदी है। हालांकि,राज्य में अवैध शराब के कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा। हालत ये है कि शराब की बोतल पटना स्थित सचिवालय के विकास भवन में अधिकारियों के चैम्बर से बरामद हुई है। इस घटना ने राज्य में सियासी हंगामा खड़ा कर दिया है।
विकास भवन के गेट नंबर-6 के पास शराब का एक टेट्रा पैक बरामद किया गया। यह जगह सचिवालय परिसर का संवेदनशील इलाका माना जाता है, जहां कई विभागों के अधिकारी बैठते हैं।
तेजस्वी यादव ने सरकार पर साधा निशाना
इस मामले पर राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये तो गंभीर मामला है। एक तरफ सरकार कहती है कि बिहार में शराबबंदी है और दूसरी तरफ सचिवालय में ही शराब की बोतलें मिलती है। यह तो जांच की विषय है। शराबबांदी का फायदा केवल सरकार में बैठे लोग उठा रहे हैं। गरीब , दलित सिर्फ जेल जा रहे हैं। जहरीली शराब पीने से लोग मारे जा रहे हैं।
अंग्रेजी शराब की बोतलें हुई बरामद
बता दें कि सचिवालय विकास भवन में गेट नंबर 6 के पास नगर विकास विभाग के पदाधिकारी के कार्यालय के बाहर शौचालय के पास रखा हुआ डस्टबिन में अंग्रेजी शराब की खाली बोतल मिलने से सचिवालय में हंगामा मचा हुआ है कोई भी यह बताने को तैयार नहीं है कि आखिर यह बोतल कहां से आई और किसने रखा शराब बिहार में बंद है तो यह शराब कैसे सचिवालय पहुंच अब इसकी जांच हो रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी हरकत में आ गए हैं। विकास भवन और शौचालय के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि बोतलें वहां किसने फेंकीं। जानकारी के मुताबिक, उस ब्लॉक में तैनात सफाईकर्मियों और अन्य सुरक्षाकर्मियों से भी पूछताछ की जा सकती है।
