शहर

चिराग पासवान के विधायक ने मांगी रंगदारी? सीवान में FIR दर्ज, आरोप- 3 फीसदी कमीशन या फिर जान से हाथ धो लो

Bihar News: बिहार के सीवान जिले से एलजेपी के एक विधायक विष्णुदेव पासवान पर रंगदारी मांगने का आरोप लगा है। इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।

Image

रंगदारी मानने के आरोप एलजेपी विधायक के खिलाफ केस दर्ज

Bihar News: बिहार में चिराग पासवान के एक विधायक पर रंगदारी मांगने का आरोप लगा है। चिराग पासवान के इस विधायक का नाम विष्णुदेव पासवान है, जो सीवान जिले के दरौली विधानसभा से विधायक हैं। विधायक विष्णुदेव पर आरोप है कि उन्होंने ठेके में 3 प्रतिशत की कमीशन मांगी है। अगर यह कमीशन नहीं मिला तो जान से मारने की धमकी दी गई है। इन्हीं आरोपों को लेकर सीवान में केस भी दर्ज किया गया है।

50 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप

जानकारी के अनुसार सीवान में एलजेपी विधायक विष्णुदेव पासवान के खिलाफ 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और निर्माण कार्य रोकने के लिए दबाव बनाने के आरोप में एफआईआर दर्ज हुई है। संवेदक का आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने मामले में विधायक के कथित प्रतिनिधि अमित पासवान और साहेब हुसैन को हिरासत में लिया है। दावा है कि पूरा विवाद 15 लाख 45 हजार रुपये के सरकारी निर्माण कार्य में कथित 3 फीसदी कमीशन की मांग से जुड़ा है। हालांकि विधायक की ओर से इन आरोपों को गलत बताया गया है।

एक बार नहीं तीन-तीन बार धमकी

संवेदक का दावा है कि निर्माण कार्य को लेकर इससे पहले भी लगातार धमकियां और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। दरअसल, आंदर में सरकारी ब्लॉक भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। इस निर्माण कार्य को करा रहे संवेदक विवेक कुमार सिंह ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत में विधायक विष्णुदेव पासवान समेत अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए। संवेदक पक्ष का दावा है कि यह विवाद अचानक नहीं हुआ। इससे पहले भी लगातार तीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पहली घटना- 19 सितंबर 2026 की हैं जब आरोप है कि विधायक के एक व्यक्ति द्वारा धमकी दी गई थी। इस मामले में पुलिस के यहां सनहा दर्ज कराया गया था।

इसके बाद 21 सितंबर 2026 को निर्माण कार्य से जुड़े स्टाफ के साथ मारपीट का आरोप लगा। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई। केस नंबर बताया जा रहा है 285/26। और इसके बाद 5 अक्टूबर 2026 को एक और घटना सामने आई। इस मामले में कांड संख्या 291/26 दर्ज होने की बात कही जा रही है।

पुलिस ने दो को हिरासत में लिया

इस पूरे मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया है। पहला नाम है अमित कुमार पासवान। अमित पासवान को विधायक विष्णुदेव पासवान का प्रतिनिधि बताया जा रहा है। वह दरौली थाना क्षेत्र के मुजवनिया गांव के निवासी हैं। दूसरा नाम है साहेब हुसैन। साहेब हुसैन आंदर थाना क्षेत्र के भवराजपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, साहेब हुसैन के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले होने की बात सामने आई है। उसके हुसैनगंज CSP लूटकांड में जेल जाने के साथ-साथ नगर थाना और आंदर थाना से जुड़े मामलों में भी जेल जाने की बात कही जा रही है।

विधायक ने क्या कहा?

वही जब इस मामले में विधायक विष्णु देव पासवान से बात करने की कोशिश की गई तो उनका नंबर बंद था। उनके प्रतिनिधि से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनके एक प्रतिनिधि द्वारा बताया गया कि मामला गलत हैं।

सीवान से सचिन कुमार की रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article