शहर

Champaran Accident: चंपारण में भीषण सड़क हादसा, ऑर्केस्ट्रा देख रही भीड़ में घुसी बस; 5 की मौत, 5 गंभीर

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में NH-727 पर एक बेकाबू बस ने सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ को कुचल दिया। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

Image

तेज रफ्तार बस ने लोगों को रौंदा

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शुक्रवार की देर रात बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग (NH-727) पर बसवरिया और पराउटोला के बीच एक तेज रफ्तार बस सड़क किनारे खड़े लोगों की भीड़ में जा घुसी। इस हादसे में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय लोग घर के बाहर आयोजित एक छठिहार समारोह के दौरान ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम देख रहे थे। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

छठिहार का था कार्यक्रम

जानकारी के अनुसार, एनएच-727 के किनारे स्थित धर्मेंद्र दुबे के घर पर शुक्रवार को बच्चे के जन्म के उपलक्ष्य में छठिहार समारोह का आयोजन किया गया था। समारोह के दौरान घर के बाहर सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम चल रहा था, जिसे देखने के लिए आसपास के कई लोग मौजूद थे। रात करीब 11 बजे लौरिया की ओर से बेतिया जा रही एक तेज रफ्तार शाही ट्रैवेल्स की बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचलते हुए आगे निकल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विपरीत दिशा से आ रहे एक गैस सिलेंडर लदे ट्रक से तालमेल बिगड़ने के कारण बस चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया था।

अस्पताल में 3 घायलों ने तोड़ा दम

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान तीन और लोगों ने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। हादसे में घायल 5 अन्य लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जांच में पुलिस तेज रफ्तार और बस चालक के अनियंत्रित होने को हादसे का मुख्य कारण मान रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि NH-727 पर वाहनों की अनियंत्रित गति के कारण आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। एक ही पल में पांच लोगों की मौत की खबर से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article