शहर

बिहार का मौसम (9 Apr 2026) Bihar Weather Today: बिहार में 'काल वैशाखी' का तांडव, 19 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट

बिहार का मौसम 9 Apr 2026: बिहार में इस समय प्री-मानसून का शक्तिशाली सिस्टम काल बैसाखी सक्रिय है, जिसके कारण मौसम में अचानक बड़े बदलाव देखे जा रहे हैं। जानें IMD के हवाले से बिहार के मौसम का हाल।

Image

बिहार में अगले 24 घंटे भारी

Photo : Times Now Digital

बिहार में आज का मौसम (9 Apr 2026): बिहार के आसमान पर प्री-मानसून के सबसे खतरनाक सिस्टम 'काल वैशाखी' ने अपनी दस्तक दे दी है, जिससे पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी पर लगाम लग गई है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और उत्तर-पश्चिमी चक्रवातीय परिसंचरण के आपस में मिलने से राज्य के अधिकांश हिस्सों में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज के साथ बारिश होने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की प्रबल आशंका जताई गई है।

कुदरत के दो रंग और गिरता पारा (Bihar Weather Today)

बुधवार को बिहार के अलग-अलग कोनों में कुदरत के दो अलग रूप देखने को मिले। जहाँ एक तरफ कैमूर का भभुआ इलाका 38.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तप रहा था, वहीं राजधानी पटना समेत 11 जिलों में हुई बारिश ने लोगों को राहत की सांस लेने का मौका दिया। पटना में दोपहर बाद हुई हल्की फुहारों से पारा लुढ़क कर 29 डिग्री पर आ गया, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई। औरंगाबाद के कुटुंबा में सबसे अधिक 2.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस मौसमी बदलाव के कारण अगले एक-दो दिनों तक राज्य के औसत तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट बनी रह सकती है।

क्यों बदला मौसम का मिजाज (Bihar Weather Update)

विशेषज्ञों के अनुसार इस अचानक आए बदलाव के पीछे उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती परिसंचरण मुख्य कारण है। इन दोनों सिस्टम के मिलन से वातावरण में अस्थिरता पैदा हुई है, जिससे अचानक तेज आंधी और बिजली गिरने जैसी घटनाएं हो रही हैं। मधुबनी जैसे जिलों में हवा की गति 35 किमी प्रति घंटा तक दर्ज की गई है। हालांकि विभाग ने साफ किया है कि यह राहत ज्यादा लंबे समय तक नहीं टिकेगी। 10 अप्रैल के बाद आसमान साफ होने लगेगा और 11 अप्रैल से सूरज के तेवर फिर से तीखे होने शुरू हो जाएंगे, जिससे तापमान 38 डिग्री के पार जा सकता है।

सावधानी बरतने की अपील (Bihar IMD Alert)

मौसम विभाग ने वज्रपात और ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए किसानों और आम नागरिकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे शरण न लेने की हिदायत दी गई है। पटना में अगले 24 घंटों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और उमस के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी। फिलहाल यह 'काल वैशाखी' सिस्टम उत्तर और पूर्वी बिहार में ज्यादा प्रभावी दिख रहा है, इसलिए इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष रूप से सुरक्षित स्थानों पर रहने को कहा गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article