Bihar News: बिहार में सम्राट चौधरी सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 16 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। गृह विभाग की ओर से रविवार को जारी अधिसूचना के अनुसार कई अहम पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं पुलिस आधुनिकीकरण के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) सुधांशु कुमार को अब एडीजी विधि-व्यवस्था का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। इस फेरबदल को पुलिस प्रशासन को और मजबूत एवं प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
नैयर हसनैन खान का हुआ तबादला
प्रशासनिक फेरबदल के तहत नैयर हसनैन खान को आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) से ट्रांसफर कर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीसैप) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विकास वैभव को मगध क्षेत्र, गया का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया गया है। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में बताया गया कि 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी और असैनिक सुरक्षा विभाग के एडीजी परेश सक्सेना को पदोन्नति देते हुए इसी विभाग में पुलिस महानिदेशक (डीजी) बनाया गया है।
इन अधिकारियों को मिली यह जिम्मेदारी
इस ताजा प्रशासनिक बदलाव के तहत तकनीकी सेवाएं एवं संचार विभाग के एडीजी निर्मल कुमार आजाद को पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) का नया दायित्व सौंपा गया है। वहीं मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो में तैनात एडीजी डॉ. अमित कुमार जैन को अब आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) का एडीजी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा बजट, अपील एवं कल्याण विभाग के एडीजी डॉ. कमल किशोर सिंह को रेलवे में एडीजी की जिम्मेदारी दी गई है। दूसरी ओर एडीजी प्रोविजनिंग अजीताभ कुमार को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं पुलिस आधुनिकीकरण विभाग का प्रभार सौंपा गया है।
इन्हें बनाया गया मगध क्षेत्र का आईजी
विकास वैभव को बिहार राज्य योजना परिषद में परामर्शी पद से हटाकर मगध क्षेत्र का पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया गया है। वहीं रेलवे आईजी पी. कन्नन को अब आईजी प्रोविजनिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई में तैनात आईजी रंजीत कुमार मिश्र को अपराध अनुसंधान विभाग का नया आईजी बनाया गया है। दूसरी ओर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के आईजी संजय कुमार को विशेष शाखा का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
