शहर

बिहार के पूर्वी चंपारण में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से चार बच्चियों की मौत

East Champaran News: बिहार के पूर्वी चंपारण में शुक्रवार सुबह तालाब में नहाने गईं चार बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। हादसा पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बांकट गांव में हुआ, जहां पांच बच्चियां तालाब पर नहाने पहुंची थीं।

Image

तालाब में नहाने के दौरान हुआ हादसा (प्रतीकात्मक फोटो)

East Champaran News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया है। जानकारी के मुताबिक, यहां तालाब में नहाने के दौरान चार बच्चियों की डूबने से मौत हो गई।

सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई घटना

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के इनरवाभार पंचायत के बांकट गांव में सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई। मृतकों की पहचान बांकट गांव निवासी सोनावती कुमारी (13), उसकी बहन फूलवती कुमारी (10), सोनाली कुमारी (10) और प्रतिभा कुमारी (12) के रूप में हुई है।

पांच बच्चियां गई थीं तालाब में नहाने

पहाड़पुर के अंचल अधिकारी रामसूरत पासवान ने बताया, "पांच बच्चियां गांव के पास मौजूद तालाब में नहाने गई थीं। इनमें से चार पानी में उतर गईं, जबकि एक बच्ची किनारे पर ही खड़ी रही। चारों बच्चियां कथित तौर पर गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं।’’ उन्होंने बताया कि किनारे पर खड़ी बच्ची भागकर गांव पहुंची और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

सर्किल ऑफिसर को मामले की जांच करने का निर्देश

पहाड़पुर थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया, "हमने चारों बच्चियों के शव बरामद कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा है।" पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन ने बताया कि सर्किल ऑफिसर को मामले की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

अगर डूबने से हुई होगी मौत तो दिया जाएगा मुआवजा

सौरभ सुमन ने आगे कहा, "जांच के बाद अगर औपचारिक रूप से यह पुष्टि हो जाती है कि मौत डूबने के कारण हुई है, तो आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से मृतकों के परिजनों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा।" अधिकारियों ने बताया कि पुलिस बच्चियों की मौत की सही परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल पूरे में गांव बच्चियों की मौत से मातम का माहौल है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article