दिल्ली से आगरा के बीच सफर करने वालों के लिए राहत की खबर है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली-आगरा कॉरिडोर पर सड़क बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं के लिए 1,123.56 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस परियोजना के तहत तीन रेलवे ओवरब्रिज (ROB), चार फ्लाईओवर और चार व्हीकल अंडरपास (VUP) बनाए जाएंगे। इनका निर्माण हरियाणा के फरीदाबाद और पलवल तथा उत्तर प्रदेश के मथुरा और आगरा जिलों में किया जाएगा।
नितिन गडकरी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। यह परियोजना नेशनल हाईवे-44 और नेशनल हाईवे-19 से जुड़े हिस्सों पर लागू होगी। इसका उद्देश्य दिल्ली-आगरा मार्ग पर यातायात को सुगम बनाना, जाम की समस्या कम करना और सड़क सुरक्षा में सुधार करना है।
रोजाना 68 हजार से ज्यादा वाहनों की आवाजाही
दिल्ली-आगरा कॉरिडोर पर रोजाना करीब 68 हजार पैसेंजर कार यूनिट (PCU) वाहनों की आवाजाही होती है। इस मार्ग पर मालवाहक वाहनों के अलावा औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े वाहन, स्थानीय यात्री और पर्यटक भी बड़ी संख्या में सफर करते हैं। ऐसे में यातायात का दबाव काफी अधिक रहता है।
परियोजना के तहत बनने वाले तीन रेलवे ओवरब्रिज से रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम और वाहनों की देरी को कम करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा मौजूदा पुलों और सड़क के समान स्तर वाले चौराहों पर यातायात के दबाव तथा दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
चार फ्लाईओवर और चार अंडरपास से मिलेगी राहत
परियोजना में चार फ्लाईओवर और चार व्हीकल अंडरपास भी बनाए जाएंगे। इनके साथ सर्विस रोड का विकास किया जाएगा, ताकि स्थानीय यातायात और लंबी दूरी के वाहनों को अलग-अलग रास्तों से निकाला जा सके।
इससे वाहनों के बीच टकराव की आशंका वाले स्थान कम होंगे। साथ ही ट्रैफिक का संचालन बेहतर होगा और यात्रियों को अधिक सुरक्षित तथा सुगम सफर का अनुभव मिलेगा।
पश्चिमी दिल्ली को भी 359.63 करोड़ की सौगात
दिल्ली-आगरा कॉरिडोर के अलावा पश्चिमी दिल्ली में भी सड़क विकास परियोजना को मंजूरी दी गई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस परियोजना के लिए नितिन गडकरी का आभार जताया है। इसके तहत उद्योग नगर मेट्रो स्टेशन से टीकरी बॉर्डर तक 12.4 किलोमीटर लंबे मार्ग का अपग्रेडेशन किया जाएगा। इस परियोजना पर 359.63 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस काम से पीरागढ़ी, नांगलोई चौक, मुंडका और घेवर चौक जैसे इलाकों को लाभ मिलेगा। दिल्ली से बहादुरगढ़ के बीच आने-जाने वाले यात्रियों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। परियोजना के तहत कंक्रीट सड़क का निर्माण, सर्विस रोड में सुधार और जंक्शनों को बेहतर बनाया जाएगा। इससे ट्रैफिक जाम कम करने, सड़क सुरक्षा बढ़ाने और दिल्ली-हरियाणा के बीच व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
