भोपाल

सीहोर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई; धोखाधड़ी के आरोप में सहारा इंडिया का अधिकारी भोपाल से गिरफ्तार

सहारा इंडिया के मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ क्षेत्रीय प्रबंधक शिवाजी सिंह को सीहोर जिले में दर्ज कथित धोखाधड़ी के मामले में भोपाल से गिरफ्तार किया गया। शिकायत में जनवरी 2023 में उनकी ओर से जमा राशि के साथ धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया गया था।

Image

सहारा इंडिया का क्षेत्रीय प्रबंधक भोपाल से गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोटो: Canva)

Sahara India Fraud: सहारा इंडिया के मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ क्षेत्रीय प्रबंधक शिवाजी सिंह को सीहोर जिले में दर्ज कथित धोखाधड़ी के मामले में रविवार को भोपाल से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के बयान के अनुसार, राजाराम राठौर ने जनवरी 2023 में सिंह, सीहोर शाखा के प्रबंधक एस.के. मगरदे, कैशियर योगेंद्र चौधरी और एक अन्य कर्मचारी के खिलाफ अपनी जमा राशि के साथ धोखाधड़ी करने की शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और मध्य प्रदेश जमाकर्ताओं के हितों के संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला ने नगर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन शर्मा और कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रवींद्र यादव को आरोपियों का पता लगाने के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए।

सूचनाओं के आधार पर, पुलिस टीम ने सिंह को भोपाल के एमपी नगर से गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा गया। जानकारी के अनुसार, सिंह मूलतः उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का निवासी है और वर्तमान में भोपाल की अवधपुरी कॉलोनी में रह रहा था।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article