भोपाल

रिटायर्ड इंजीनियर निकला धन कुबेर, लोकायुक्त ने चार ठिकानों पर मारा छापा, मिली करोड़ों की संपत्ति

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लोकायुक्त ने PWD के रिटायर्ड इंजीनियर जी.पी. मेहरा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की। मेहरा के पास करोड़ों रुपये की संपत्ति, सोना-चांदी, नकदी और कीमती दस्तावेज बरामद हुए हैं।

Image

ठिकानों से मिलीं कई गाड़ियां, लाखों कैश और ढाई किलो सोना

Photo : Times Now Digital

Bhopal Lokayukt Raid: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लोकायुक्त की टीम ने PWD के रिटायर्ड इंजीनियर जी.पी. मेहरा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 2024 में सेवानिवृत्त हुए मेहरा के चार ठिकानों पर छापेमारी की गई, जिसमें करोड़ों रुपये की संपत्ति और हैरान कर देने वाली मात्रा में सोना-चांदी, नकदी और कीमती दस्तावेज बरामद हुए हैं।

ज्यादातर संपत्तियां परिवार के नाम

लोकायुक्त ने कार्रवाई के बाद बताया कि जी.पी. मेहरा ने ज्यादातर संपत्तियां अपने और परिवार के सदस्यों के नाम पर खरीदी हैं। उनके पास भोपाल शहर, नर्मदापुरम के सैनी गांव और अन्य जगहों पर कई नामी और बेनामी संपत्तियां पाई गई हैं।

चार ठिकानों पर एकसाथ हुई कार्रवाई

लोकायुक्त की टीम ने मेहरा के चार प्रमुख ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। ए-6, मणीपुरम कॉलोनी, बिट्ठल मार्केट, भोपाल के आवास पर,ओपल रेजेंसी, दाना पानी, ए ब्लॉक के फ्लैट नं. 508 पर, भोपाल के ही गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया की केटी इंडस्ट्रीज पर और नर्मदापुरम के सोहागपुर तहसील के गांव सैनी स्थित ठिकाने पर एक साथ रेड हुई जिसमें बड़ी संख्या में संपत्ति के कागजात बरामद हुए।

कहां से कितनी मिली संपत्ति

मणीपुरम स्थित घर से लोकायुक्त टीम ने 8.79 लाख रुपये नकद, करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, 56 लाख की फिक्स डिपॉजिट और अन्य करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज जब्त किए। वहीं दाना पानी स्थितओपल रेजेंसी फ्लैट में छापेमारी के दौरान टीम को 26 लाख रुपये नकद, 2.649 किलो सोना, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.05 करोड़ रुपये है। 5.523 किलो चांदी, जिसकी कीमत करीब 5.93 लाख रुपये आंकी गई है, बरामद की गई। साथ ही कई प्रॉपर्टी दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

गोविंदपुरा स्थित केटी इंडस्ट्रीज में छापे के दौरान फैक्ट्री में पीवीसी पाइप निर्माण से जुड़ा उपकरण, कच्चा माल, तैयार उत्पाद और प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज मिले। यह फैक्ट्री रोहित मेहरा और कैलाश नायक के नाम पार्टनरशिप में चल रही थी। यहां से 1.25 लाख रुपये नकद भी मिले।

सैनी गांव में शहद, ट्रैक्टर और आलीशान काटेज

नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर तहसील के ग्राम सैनी स्थित फॉर्महाउस से लोकायुक्त ने जो बरामद किया, उसने सभी को हैरान कर दिया। यहां से 17 टन शहद, महंगे कृषि उपकरण, 6 ट्रैक्टर, 32 निर्माणाधीन काटेज, 7 तैयार काटेज, 1 बड़ा भवन, 2 मछली पालन केंद्र, 2 गौशाला, 2 तालाब और एक मंदिर की जानकारी मिली।

इसके अलावा परिवार के नाम 4 लग्जरी कारें, फोर्ड एंडेवर, स्कोडा सलाविया, किया सोनेट और मारुति सियाज भी पाई गईं।

लोकायुक्त की जांच जारी

लोकायुक्त टीम अब जब्त दस्तावेजों और बैंक खातों की जांच कर रही है। यह अनुमान लगाया जा रहा है कि कुल संपत्ति कई करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। जांच में आगे और भी बड़े खुलासे संभव हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article