भोपाल के सूखी सेवनिया क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दुखद घटना घटी, जब 47 वर्षीय डेयरी संचालक लक्षमण सिंह गुर्जर की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वे अपने डेयरी फार्म में मवेशियों को चारा देने के बाद दरवाजा बंद कर रहे थे, तभी एक सांप ने उन्हें काट लिया। उनके भतीजे कालू ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान शनिवार तड़के उनकी मृत्यु हो गई।
कालू ने बताया कि सांप देखने में कोबरा जैसा लग रहा था। सूचना मिलने के बाद सूखी सेवनिया पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के पश्चात शनिवार दोपहर को शव परिजनों को सौंप दिया गया। लक्षमण सिंह गुर्जर भदभदा गांव में डेयरी का संचालन करते थे, और उनकी आकस्मिक मृत्यु से परिवार और स्थानीय समुदाय में शोक की लहर है।
