Lucknow Accident: लखनऊ के किसान पथ पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में मझिगवां गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सर्विस लेन के डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई।
इस हादसे में एक महिला, एक युवक और उसकी तीन साल की बेटी की मौत हो गई, जबकि छह महीने के बच्चे समेत नौ लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बोलेरो में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही सुशांत गोल्फ सिटी थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं।
गंगाजल लेकर मंदिर जा रहे थे श्रद्धालु
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, बोलेरो उन्नाव निवासी राकेश चला रहा था। गाड़ी में अजगैन निवासी संतोष उर्फ संतू, उनकी तीन वर्षीय बेटी नैंसी, सोहरामऊ निवासी रामदुलारी और अन्य लोग सवार थे। सभी श्रद्धालु उन्नाव में गंगा नदी से गंगाजल लेकर बाराबंकी स्थित औसानेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे थे।
अचानक अनियंत्रित हो गई बोलेरो
नवरात्रि के मौके पर निकले इस सफर के दौरान गाड़ी में सवार लोग भजन-कीर्तन कर रहे थे। दोपहर करीब 3:30 बजे मझिगवां गांव के नजदीक बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई। पहले गाड़ी सर्विस लेन के डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई। हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री अंदर फंस गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने पलटी हुई बोलेरो को सीधा करने और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
अस्पताल में तीन लोगों को मृत घोषित किया गया
हादसे के बाद पुलिस ने घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को ट्रॉमा सेंटर-2 ले जाया गया, जबकि अन्य को गोसाईंगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने रामदुलारी, संतोष और उनकी बेटी नैंसी को मृत घोषित कर दिया। घायलों को बाद में श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल रेफर किया गया।
ये हुए हैं घायल
घायलों की पहचान दीपक, प्रमोद, रामू, सोनी, सुभाषिनी, सुशीला, लवकुश और अक्षय के रूप में हुई है। इनके अलावा छह महीने का एक बच्चा भी घायल हुआ है। वहीं, पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को सड़क से हटवाया। मामले में हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
