जबलपुर : मध्य प्रदेश के शहरों में यातायात सुगम बनाने के लिए फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। इसी क्रम में जबलपुर में राज्य के सबसे लंबे ‘सिंगल स्पान केबल स्टे ब्रिज’ वाले फ्लाईओवर का उद्घाटन किया गया है। सात किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर से मदन महल और दमोह नाका के बीच यात्रा का समय वर्तमान 40-45 मिनट से घटकर केवल छह से सात मिनट रह जाएगा। इस परियोजना के विकास के सिए लगभग 1,200 करोड़ रुपये की खर्च किए गए। यह फ्लाईओवर आधुनिक शहरी यातायात प्रबंधन और विकास में एक बड़ी उपलब्धि है।
अधिकारियों ने बताया कि इस फ्लाईओवर की एक प्रमुख विशेषता रेलवे लाइन पर बना 192 मीटर लंबा सिंगल स्पान केबल स्टे ब्रिज है। इस कॉरिडोर में तीन बो-स्ट्रिंग ब्रिज हैं, जिनमें दो रानीताल में और एक बलदेवबाग में हैं। प्रत्येक बो-स्ट्रिंग ब्रिज 70 मीटर लंबा और पूरी तरह से स्टील से बना है।
फ्लाईओवर के नीचे हरियाली का रखा गया ख्याल
अधिकारियों के मुताबिक, हरियाली को बढ़ावा देने और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए फ्लाईओवर के नीचे 50 हजार पौधे लगाए गए हैं। साथ ही इसके नीचे बास्केटबॉल कोर्ट, ओपन जिम और बच्चों के लिए पार्क जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। यात्रा को आसान बनाने के लिए दस दिशा-सूचक लगाए गए हैं। गडकरी ने 2019 में इस फ्लाईओवर की आधारशिला रखी थी। सितंबर 2023 में राज्य विधानसभा चुनावों से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फ्लाईओवर के एक हिस्से ‘छोटी लाइन से गुलाटी पेट्रोल पंप तक’ का उद्घाटन किया था।
दरअसल, जबलपुर शहर के भौगोलिक स्ट्रक्चर पर को देखें तो यहां आवागमन के लिए रेलवे लाइन के नीचे से 4 अंडरपास और 2 ओवरब्रिज हैं। ईटीवी भारत के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ट्रैफिक जाम के कारण शहर में एक बड़े फ्लाईओवर निर्माण को स्वीकृति मिली थी। यह फ्लाईओवर मदन महल स्टेशन के ऊपर से होकर गुजरा है। इसके खुलने से शहर में यातायात काफी सुगम होगा।
4250 करोड़ की इन परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण
इस फ्लाईओर के साथ मध्य प्रदेश में 4250 करोड़ रुपये की लागत वाली 9 नेशनल हाईवे परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इन सभी परियोजनाओं के विकसित होने से मध्य प्रदेश को गति मिलेगी। साथ ही सड़कों के किनारे विभिन्न प्रकार के रेस्टोरेंट, ढाबे और तमाम ईकाइयां खुलने से लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार मुहैया होगा, जिससे राज्य को आर्थिक गति मिलेगी।
