शहर

भोपाल में किसानों का धरना जारी, होशंगाबाद रोड पर रातभर डटे किसान; इन रास्तों पर डायवर्जन लागू

भोपाल में मूंग की 100% MSP पर खरीद और खाद के ई-टोकन सिस्टम को खत्म करने की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन जारी है। सीएम हाउस की ओर बढ़ रहे किसानों को आरआरएल तिराहे के पास रोकने पर वे रातभर सड़क पर डटे रहे। सड़क जाम होने से ट्रैफिक प्रभावित हुआ और कई स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी।

Image

मूंग खरीद को लेकर किसानों का आंदोलन जारी

Photo : ANI

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मूंग की 100% न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद और खाद के ई-टोकन सिस्टम को खत्म करने की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन लगातार जारी है। किसान मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। जिसके बाद किसान रातभर से होशंगाबाद रोड पर ही धरने पर बैठे हैं, जिससे दोनों तरफ यातायात प्रभावित है।

सीएम हाउस घेरने निकले थे किसान

संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसान नर्मदापुरम से पैदल मार्च करते हुए मंगलवार देर शाम भोपाल पहुंचे थे। उनका मकसद मुख्यमंत्री आवास का घेराव करना था, लेकिन पुलिस ने उन्हें सीएसआईआर-एएमपीआरआई (पूर्व आरआरएल) तिराहे के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।

सात दिन के राशन के साथ पहुंचे प्रदर्शनकारी

प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि वे अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन को जारी रखेंगे। किसान का दावा है कि वे अपने साथ सात दिनों का राशन लेकर आए हैं। उन्होंने पुलिस द्वारा सीएम आवास जाने से रोके जाने के बाद सड़क किनारे ही भोजन बनाकर रात बिताई।

किसानों की प्रमुख मांगें

किसान मूंग की 100 फीसदी खरीद MSP पर सुनिश्चित करने, खाद वितरण के ई-टोकन सिस्टम में सुधार या उसे खत्म कर पुरानी व्यवस्था बहाल करने और खेती से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं।

प्रशासन से बातचीत बेनतीजा

अभी तक जिला प्रशासन और किसान नेताओं के बीच हुई बातचीत में कोई समाधान नहीं निकल सका। किसानों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा।

स्कूलों में छुट्टी, ट्रैफिक डायवर्जन लागू

किसानों के प्रदर्शन और सड़क जाम को देखते हुए भोपाल के कई स्कूलों ने एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी। साथ ही प्रशासन ने ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए कई रास्तों पर वाहनों का डायवर्जन लागू किया है।

  • नर्मदापुरम रोड की तरफ से आने वाले वाहनों को 11 माइल बाईपास, खजूरी कलां, SOS रोड और पिपलानी मार्ग से भेजा जा रहा है।
  • मिसरोद और बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी क्षेत्र के लोगों को बावड़िया कलां पुल के रास्ते कोलर और 10 नंबर इलाके में जाने की सलाह दी गई है।
  • MP नगर से नर्मदापुरम रोड जाने वाल वाहन चालकों को गोविंदपुरा-पिपलानी, पटेल नगर या खजूरी कलां मार्ग का इस्तेमाल करने को कहा गया है।
  • एम्स भोपाल जाने वाले लोगों को कटारा हिल्स, बागसेवनिया होते हुए RRL पुल के नीचे से बाएं मुड़ने की सलाह दी गई है।
  • प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक रास्ता अपनाने और जरूरी होने पर ही प्रभावित क्षेत्र में यात्रा करने की अपील की है।
Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article