शहर

हाथ में पिस्तौल, फेसबुक पर लाइव और फिर एनकाउंटर; भोजपुर में पुलिस मुठभेड़ में घायल युवक की मौत

बिहार के भोजपुर में फेसबुक लाइव के दौरान पुलिस मुठभेड़ में घायल युवक की मौत हो गई। आरोप है कि उसने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई।

Image

भोजपुर में पुलिस मुठभेड़ में घायल युवक की मौत

भोजपुर : जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में बुधवार को एक युवक और पुलिस के बीच कई घंटों तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा मुठभेड़ के साथ समाप्त हुआ। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए युवक भरत भूषण तिवारी की इलाज के दौरान पटना स्थित पीएमसीएच में मौत हो गई। भोजपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी हाथ में पिस्तौल लेकर गांव में घूम रहा है और हवाई फायरिंग कर रहा है। सूचना मिलने के बाद भोजपुर पुलिस और एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस के अनुसार, जवानों ने युवक को कई बार आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने हथियार नहीं डाला। आरोप है कि उसने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई।

आत्मरक्षा के लिए पुलिस ने चलाई गोली

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ के जवानों ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर इलाके की घेराबंदी की और आरोपी के करीब पहुंचने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान भी भरत भूषण तिवारी ने गोलीबारी जारी रखी। इसके बाद आत्मरक्षा और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी।

घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना पीएमसीएच रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान गांव में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। बताया जाता है कि भरत भूषण तिवारी फेसबुक लाइव के जरिए लगातार पुलिस और प्रशासन को चुनौती दे रहा था। एहतियातन गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।

पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक मैगजीन और दो खोखे बरामद करने का दावा किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद बिलौटी गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में चर्चाओं का दौर जारी है। सोशल मीडिया पर भी यह मामला सुर्खियों में बना हुआ है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article