बिहार के भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी की श्रद्धांजलि सभा और ब्रह्मभोज का आयोजन आज किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम में करीब 25 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसको लेकर गांव में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
100 हलवाई और 500 स्वयंसेवक संभालेंगे व्यवस्था
आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को ध्यान में रखते हुए भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके लिए 100 हलवाई और 300 सहायक भोजन बनाने में जुटे हैं। वहीं कार्यक्रम की सभी व्यवस्था बनाए रखने के लिए 500 स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई गई है।
सुबह 11 बजे होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
आयोजन समिति के सदस्य पंकज त्रिपाठी ने बताया कि भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद देशभर से लोगों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 30 जून को सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आंदोलन के अगले चरण की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर आगे भी महापंचायत होगी और न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Delhi SIR: दिल्ली में आज से घर-घर होगा वोटर वेरिफिकेशन, मतदाता सूची से नाम न कट जाए! जानिए क्या है पूरी प्रक्रिया
गांव में 'भरतपुर में आपका स्वागत है' के पोस्टर
श्रद्धांजलि सभा से पहले गांव में 'भरतपुर में आपका स्वागत है' लिखे हुए पोस्टर लगाए गए हैं। आयोजन समिति का कहना है कि ग्रामीणों ने अपने स्तर पर गांव को 'भरतपुर' नाम दे दिया है। पंकज त्रिपाठी ने बताया कि ग्रामीण भरत तिवारी को शहीद मानते हैं और उनका कहना है कि सरकार का फैसला चाहे जो भी हो, लेकिन गांव के लोगों के बीच भरत की पहचान एक शहीद के रूप में स्थापित हो चुकी है।
