शहर

Bhagalpur Murder: सुल्तानगंज में अफसर की हत्या का मुख्य आरोपी रामधनी यादव का एनकाउंटर, 12 घंटे के भीतर पुलिस ने किया ढेर

भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रामधनी यादव को 12 घंटे के भीतर मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी ने कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की हत्या और नगर सभापति पर हमले की साजिश रची थी। हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग हुई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हुआ और अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।

Image

भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद हत्याकांड का मुख्य आरोपी रामधनी यादव ढेर।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bhagalpur Murder: बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद हत्याकांड में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले के मुख्य आरोपी रामधनी यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। वह कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की हत्या और नगर सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू पर जानलेवा हमले का मुख्य आरोपी था।

मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय में दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे प्रशासन में हड़कंप मच गया था। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने रातभर छापेमारी कर रामधनी यादव को गिरफ्तार कर लिया।

अपराधियों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग

बुधवार तड़के पुलिस की विशेष टीम आरोपी को हथियारों की बरामदगी के लिए एक गुप्त स्थान पर लेकर गई। सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच वहां पहले से घात लगाए अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी रामधनी यादव ने भी भागने और पुलिस से हथियार छीनने की कोशिश की।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। करीब 15–20 मिनट तक चली मुठभेड़ में रामधनी यादव को कई गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

अपराधियों ने नगर परिषद कार्यालय में घुसकर की थी ताबड़तोड़ फायरिंग

इस दौरान उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए, जिनका इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में जारी है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही अपराधियों ने नगर परिषद कार्यालय में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे बिहार प्रशासन को झकझोर दिया था।

मुख्य आरोपी के त्वरित एनकाउंटर के साथ पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि गंभीर अपराध करने वालों को जल्द ही कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article