शहर

Delhi News: बारापुला फेस-3 का काम लगभग पूरा, इसी साल दिवाली पर हो सकता है उद्घाटन

बारापुला फेस-3 परियोजना में सोमवार को अंतिम डेक स्लैब का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। अब उम्मीद है कि इस पर बाकी काम भी तेजी से पूरा होगा और मयूर विहार फेस-1 से INA तक सीधा संपर्क जुड़ जाएगा।

Image

यमुना नदी पर बारापुला फेस 3 के अंतिम डेक स्लैब का काम पूरा

Delhi News: बारापुला नाले के ऊपर बने बाबा बंदा सिंह बहादुर सेतु पिछले कई सालों से साउथ दिल्ली आने-जाने वाले लोगों के लिए लाइफलाइन बना हुआ है। विशेषतौर पर अगर आप साउथ एक्स, एम्स, सफदरजंग, जंगपुरा भोगल, महारानी बाग, सराय काले खां आते-जाते हैं तो। पिछले कई वर्षों से इसका एक्सटेंशन बनाया जा रहा है, जो इस पुल को पूर्वी दिल्ली में यमुना के दूसरे किनारे पर मयूर विहार फेस-1 से जोड़ता है। 3.5 किमी लंबे इस एक्सटेंशन को लेकर अब बड़ी खुशखबरी सामने आई है।

आखिरी डेक स्लैब का काम पूरा

बारापुला फेस-3 परियोजना के तहत कल यानी सोमवार 22 जून को सबसे अहम काम पूरा कर लिया गया है। दिल्ली के बीच से गुजरने वाली यमुना नदी के ऊपर परियोजना के अंतिम डेक स्लैब की ढलाई का काम सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। इसी के साथ अब दिल्ली के इस महत्वपूर्ण एलिवेटेड कॉरिडोर का सबसे अहम संरचनात्मक कार्य पूरा हो चुका है।

PWD मंत्री पहुंचे निर्माण स्थल पर

सोमवार को यमुना के दोनों किनारों को जोड़ने वाला अंतिम लिंक तैयार किया गया। इस अवसर पर दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा निर्माण स्थल पर पहुंचे और उन्होंने कार्य का इंस्पेक्शन किया। इस दौरान उन्होंने इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे मजदूरों के साथ रात को भोजन भी किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि आज सिर्फ एक स्लैब की ढलाई ही पूरी नहीं हुई है, बल्कि दिल्लीवासियों से किया गया एक अहम वादा पूरा होने की दिशा में निर्णायक कदम आगे बढ़ाया गया है।

2017 में पूरा होना था काम

बता दें कि बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर (Baba Banda Singh Bahadur Setu) के फेस-3 का काम साल 2015 में शुरू किया गया था और इसका निर्माण कार्य 2017 तक पूरा किया जाना था। लेकिन भूमि अधिग्रहण से जुड़े विवाद, पेड़ काटने की मंजूरी, कई अन्य तकनीकी जटिलताओं और अन्य प्रशासनिक कारणों से यह परियोजना लगातार पिछड़ती चली गई।

इन इलाकों को जाम से मिलेगी मुक्ति

फिलहाल सराय काले खां से शुरू होने वाला यह फ्लाईओवर INA तक जाता है। फेस-3 के खुल जाने के बाद यह पूर्वी दिल्ली में मयूर विहार फेस-1 को सीधे INA से जोड़ देगा। इस हिस्से के शुरू हो जाने के बाद पूर्वी दिल्ली से INA, एम्स, सफदरजंग, लाजपत नगर, साउथ एक्स, लोधी कॉलोनी आदि इलाकों की ओर जाने वाले लोगों को सराय काले खां, महारानी बाग, लाजपत नगर, साउथ एक्स जैसे क्षेत्रों में जाम से नहीं जूझना पड़ेगा।

कब तक खुल जाएगा बारापुला फेस-3

पेड़ काटने की अनुमति नहीं मिलने के कारण जो काम अटका हुआ था, उसकी मंजूरी मिलने के बाद इस काम को पूरा करने की डेडलाइन जून 2026 रखी गई थी। तेजी से काम किया गया और डेडलाइन पर काम पूरा भी हो चुका है। डेक स्लैब का काम पूरा हो चुका है, अब रोड लेइंग और अन्य सभी कार्य पूरे किए जाएंगे। इसलिए उम्मीद की जा रही है कि इसी साल दीपावली से पहले इस 3.5 किमी के एक्सटेंशन का काम पूरा हो जाएगा और जल्द ही इसे आम जनता के लिए खोल भी दिया जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article