शहर

गुजरात के आंबरडी सफारी पार्क में शेर के पास बाइक चलाने पर मचा बवाल, वन विभाग ने जारी किया नोटिस

Ambardi Safari Park: वीडियो सामने आने के बाद शेर के साथ प्रताड़ना किए जाने के आरोप लगने लगे। इसके बाद धारी के प्रभारी सहायक वन संरक्षक (ACF) अमित वाणिया ने घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की है।

Image

शेर के पास चलाई बाइक (फोटो साभार- TNN)

Ambardi Safari Park: गुजरात के अमरेली जिले के धारी स्थित आंबरडी सफारी पार्क से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने वन विभाग को सफाई देने पर मजबूर कर दिया है। वायरल वीडियो में शेर 'सिम्बा' के पास एक व्यक्ति बाइक चलाता हुआ दिखाई दे रहा है, जिसे वन विभाग का कर्मचारी बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शेर के साथ प्रताड़ना किए जाने के आरोप लगने लगे। इसके बाद धारी के प्रभारी सहायक वन संरक्षक (ACF) अमित वाणिया ने घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की है।

शेर के पास बाइक चलाता दिखा शख्स

ACF अमित वाणिया के मुताबिक, दीपावली के दौरान सफारी पार्क में पर्यटकों की भीड़ और ट्रैफिक काफी बढ़ गया है। शाम को सफारी का समय पूरा होने के बाद शेर अपने निर्धारित क्राड (आवास) क्षेत्र की ओर जाते हैं। घटना वाले दिन शेर सिम्बा अपने निर्धारित रास्ते के बजाय दूसरी दिशा में जाने लगा था। ऐसे में वन विभाग के कर्मचारियों ने उसे रोककर वापस उसके आवास क्षेत्र की ओर मोड़ा।

विभाग का कहना है कि कर्मचारियों का मकसद शेर को परेशान करना नहीं, बल्कि उसे सुरक्षित तरीके से उसके क्राड तक पहुंचाना था। अगर शेर गलत दिशा में चला जाता तो पर्यटकों और कर्मचारियों की सुरक्षा को खतरा हो सकता था। इसलिए मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति को संभालने की कोशिश की।

शेर के साथ प्रताड़ना की बात नहीं आई सामने

अमित वाणिया ने कहा कि शुरुआती जांच में शेर के साथ किसी तरह की प्रताड़ना किए जाने की बात सामने नहीं आई है। वीडियो में बाइक का इस्तेमाल शेर को डराने के लिए नहीं, बल्कि उसे सही दिशा दिखाने के लिए किया गया था। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। मामले की आगे जांच के लिए वन विभाग ने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और उनसे जवाब मांगा है। विभाग यह भी जांच कर रहा है कि क्या कर्मचारियों ने तय प्रोटोकॉल का पालन किया था या नहीं। इसके साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि वीडियो किसने और क्यों बनाया और सोशल मीडिया पर किस मकसद से डाला गया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- Delhi: कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर 2.75 लाख की ठगी

वन विभाग की जांच जारी

आंबरडी सफारी पार्क गुजरात के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक शेरों को देखने आते हैं। दीपावली के मौके पर यहां पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। वन विभाग ने पर्यटकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सफारी के दौरान विभाग के नियमों का पालन करें। फिलहाल वन विभाग की जांच जारी है। नोटिस का जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article