टेक एंड गैजेट्स

सर्दियों में स्मार्टफोन की बैटरी जल्दी क्यों खत्म होती है? असली वजह क्या है?

ठंड के मौसम में स्मार्टफोन की बैटरी जल्दी क्यों खत्म होती है? जानिए लिथियम-आयन बैटरी पर कम तापमान का असर और फोन की बैटरी बचाने के आसान तरीके।

Image

ठंड में बैटरी के अंदर क्या होता है?

सर्दियों का मौसम आते ही अगर आपके स्मार्टफोन की बैटरी तेजी से खत्म होने लगी है तो जरूरी नहीं कि आपका फोन खराब हो गया हो। हो सकता है कि इसकी वजह बाहर का गिरता तापमान हो। आपने भी कभी गौर किया होगा कि गर्मियों में जिस फोन की बैटरी पूरा दिन चलती थी, वही सर्दियों में कुछ ही घंटों में कम होने लगती है।

कई बार तो फोन में 20-30 प्रतिशत बैटरी बची होने के बावजूद वह अचानक बंद हो जाता है। दरअसल, इसके पीछे स्मार्टफोन में इस्तेमाल होने वाली लिथियम-आयन बैटरी की केमिस्ट्री जिम्मेदार होती है। आइए समझते हैं कि ठंड में आपके फोन की बैटरी के साथ आखिर क्या होता है।

ठंड में बैटरी के अंदर क्या होता है?

आजकल ज्यादातर स्मार्टफोन में लिथियम-आयन बैटरी का इस्तेमाल किया जाता है। इस बैटरी के अंदर इलेक्ट्रोलाइट के जरिए लिथियम आयन एक इलेक्ट्रोड से दूसरे इलेक्ट्रोड तक जाते हैं। इसी प्रक्रिया से फोन को बिजली मिलती है।

लेकिन जब तापमान गिरता है तो बैटरी के अंदर होने वाली यह रासायनिक प्रक्रिया धीमी पड़ जाती है। इलेक्ट्रोलाइट की आयनिक कंडक्टिविटी कम होने से लिथियम आयनों की आवाजाही प्रभावित होती है। नतीजा यह होता है कि बैटरी पहले की तरह आसानी से पावर नहीं दे पाती। इसलिए आपको लगता है कि फोन की बैटरी बहुत तेजी से खत्म हो रही है।

30 प्रतिशत बैटरी होने पर भी क्यों बंद हो जाता है फोन?

सर्दियों में कई बार फोन अचानक बंद हो जाता है, जबकि स्क्रीन पर 20 या 30 प्रतिशत बैटरी दिखाई दे रही होती है। इसकी वजह यह है कि ठंड में बैटरी का वोल्टेज तेजी से गिर सकता है। जब वोल्टेज फोन की जरूरी सीमा से नीचे पहुंचता है तो स्मार्टफोन खुद को सुरक्षित रखने के लिए बंद हो सकता है। हालांकि, सामान्य तापमान में आने पर बैटरी प्रतिशत दोबारा बढ़ा हुआ दिखाई दे सकता है।

फोन को ठंड से कैसे बचाएं?

अगर आप चाहते हैं कि सर्दियों में आपके फोन की बैटरी ज्यादा देर चले तो कुछ छोटी बातों का ध्यान रखें। फोन को बहुत ठंडी जगह पर रखने से बचें। बाहर निकलते समय इसे जेब या बैग में रखें, ताकि शरीर की गर्माहट मिलती रहे। इसके अलावा जरूरत न होने पर GPS, Bluetooth और ज्यादा बैटरी खर्च करने वाले ऐप बंद रखें।

एक बात का खास ध्यान रखें कि बहुत ठंडे फोन को अचानक हीटर या तेज गर्मी के सामने न रखें। इससे फोन के अंदर नमी बनने और दूसरे नुकसान का खतरा हो सकता है। फोन को सामान्य कमरे के तापमान पर धीरे-धीरे आने दें।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article