असम विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी में उठा-पठक जारी हो गई है। मंगलवार की देर शाम नवज्योति तालुकदार ने उपाध्यक्ष पद, एआईसीसी सदस्य पद और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। आपको बता दें कि असम विधानसभा के 126 सदस्यों के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होंगे और वोटों की गिनती चार मई को होगी।
कांग्रेस पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता Nabajyoti Talukdar ने अपने पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पत्र कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge को संबोधित करते हुए भेजा है। अपने इस्तीफा पत्र में नवज्योति तालुकदार ने लिखा कि वह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के उपाध्यक्ष पद, सदस्यता और Indian National Congress की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह फैसला पार्टी के कामकाज को लेकर लंबे समय से चल रही असंतुष्टि के कारण लिया गया है। तालुकदार ने पत्र में उल्लेख किया कि पार्टी में समन्वय की कमी है और कई मुद्दों को उठाने के बावजूद उन पर उचित ध्यान नहीं दिया गया। ऐसे हालात में काम करना उनके लिए न तो स्वीकार्य है और न ही उपयोगी।
नवज्योति तालुकदार ने अपने पत्र में यह भी लिखा कि मौजूदा परिस्थितियों में पार्टी के साथ काम जारी रखना संभव नहीं है। उन्होंने अपने इस्तीफे को अंतिम निर्णय बताते हुए उम्मीद जताई कि उनके इस्तीफे को जल्द स्वीकार कर लिया जाएगा और उनसे जुड़ी सभी जिम्मेदारियां तुरंत समाप्त कर दी जाएंगी।
गौरतलब है कि नवज्योति तालुकदार कांग्रेस संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उनके अचानक इस्तीफे से पार्टी के भीतर संगठनात्मक हालात को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। राजनीतिक हलकों में उनके इस कदम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और आने वाले समय में इसका पार्टी की रणनीति और संगठन पर असर पड़ सकता है।
