शहर

ये कैसी अंधभक्ति : सिविल अस्पताल में बलात्कार के दोषी आसाराम की तस्वीर लगाकर पूजा करने लगी डॉक्टर

नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा होती है। उनके लिए व्रत रखे जाते हैं और प्रसाद का सेवन व वितरण किया जाता है। लेकिन सूरत के सिविल अस्पताल में बच्चों की डॉक्टर पर बच्चियों के बलात्कार मामले में दोषी और जेल की सजा काट रहे आसाराम की अंधभक्ति इस कदर सवार हुई कि अस्पताल में ही तस्वीर लगाकर पूजा करने लगी। इस घटना से वहां बवाल हो गया।

Image

अस्पताल के सुप्रीटेंडेंट डॉ केतन नायक ने मामले को गंभीरता से लेकर कार्रवाई की

इन दिनों देशभर में नवरात्रि की धूम है। हर तरफ माता रानी के जयकारे गूंज रहे हैं। देश में भक्तिमय माहौल है, लेकिन इस बीच गुजरात के सूरत शहर में सूरत सिविल अस्पताल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। अस्पताल में नवरात्रि के दौरान माता रानी की बजाय, मासूम लड़कियों के साथ बलात्कार के दोषी आसाराम की पूजा-आरती का मामला सामने आया है। मामला कल यानी सोमवार 22 सितंबर के दिन यानी पहले नवरात्र का है।

सिविल अस्पताल के स्टेम सेल बिल्डिंग के गेट पर कुछ कर्मचारियों ने आसाराम की पूजा आरती की, जिससे सभी लोग आश्चर्यचकित हैं। बड़ी बात तो यह है कि आसाराम की तस्वीर रखकर पूजा करने वालों में बाल रोग विशेषज्ञ (Pediatrician) डॉ. जिगिशा पाटड़िया भी शामिल थीं। इस दौरान वहां नर्सें और सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे।

इस घटना को अंधविश्वास और अंधभक्ति की पराकाष्ठा ही कहा जाएगा। खासकर तब जब एक ऐसे व्यक्ति की पूजा की जा रही हो, जो मासूम बच्चियों से रेप के मामले में दोषी पाया गया हो और जेल की सजा भुगत रहा हो। जानकारी के अनुसार, इस पूजा के लिए मरीजों में फल बांटने की अनुमति ली गई थी, लेकिन फल वितरण से पहले ही आसाराम की तस्वीर लगाकर पूजा-अर्चना की गई। इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद अस्पताल के अधीक्षक को इसकी जानकारी तक नहीं थी, जिससे अस्पताल प्रशासन की लापरवाही साफ नजर आती है।

मामला सामने आने के बाद, अस्पताल अधीक्षक डॉ. केतन नायक ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल बलात्कार के दोषी आसाराम की पूजा बंद करवाई। उन्होंने बताया कि वह घटना के सामय बाहर थे और उन्हें उनके सिक्योरिटी ऑफिसर ने इस घटना के बारे में जानकारी दी। इस घटना के समय मौजूद सुरक्षा गार्ड को निलंबित कर दिया गया है। एक सुरक्षा गार्ड ने बताया कि उन्हें सिर्फ फल वितरण की अनुमति के बारे में बताया गया था, लेकिन पूजा के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं थी।

अस्पताल के RMO का कहना है कि यह एक गंभीर मामला है और बिना अनुमति के किसी भी धार्मिक गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना सूरत सिविल अस्पताल की व्यवस्था और कर्मचारियों की जवाबदेही पर कई गंभीर सवाल खड़े करती है।

Hiten Vithalani
हितेन विठलानीauthor

2011 में ANI मुंबई ब्यूरो में इंटर्न से शुरू हुआ सफर, 2012 में समय मुंबई में ट्रेनी प्रोड्यूसर तक पहुंचा लेकिन मंत्रालय में लगी आग के बाद से रिपोर्टर के तौर पर सफर की शुरुआत हुई। मुंबई से गुजरात चुनाव 2012 के बाद गुजरात के ही संस्था में अहमदाबाद में काम किया। ETV news Gujarati में जहां से 2015 में फिर एक बार मुंबई ब्यूरो गुजराती चैनल के लिए संभालने का मौका मिला । उसके बाद 2016 में गुजराती चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो संभालने का मौका मिला। 1 मई 2017 के दिन Zee media के साथ दिल्ली ब्यूरो में जुड़ा और Zee का गुजराती चैनल जो लॉन्च होना था Zee 24 Kalak जिसके लिए दिल्ली नेशनल ब्यूरो हेड करने का मौका मिला। लॉकडाउन के वक्त दिल्ली में ही रीजनल ब्यूरो से नेशनल ब्यूरो में काम करने का मौका मिला, Zee Hindustan ने काम को देखते हुए अपने साथ जोड़ लिया जिसमे किसान आंदोलन, सिद्धू मूसेवाला मर्डर, पंजाब चुनाव, यूपी चुनाव, बंगाल चुनाव से लेकर गुजरात चुनाव तक कवर किया। उसके बाद गुजरात में जी के साथ अहमदाबाद में बीजेपी और गुजरात सरकार बीट में काम काफी सालों बाद शुरू किया और अब 15 अप्रैल 2024 से Times Now Navbharat गुजरात ब्यूरो में अहमदाबाद में प्रिंसिपल correspondent के तौर पर काम कर रहा हूं।

और पढ़ें
End of Article