शहर

गुरुग्राम का मुद्दा है गंभीर...मैदान में प्रतियोगिता होगी या बीच में रोड़ा बनकर खड़ा रहेगा CM का हेलीकॉप्टर? खेल विभाग सफाई देने में लगा

CM Nayab Singh Saini Chopper Athletic Track: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हेलीकॉप्टर ताऊ देवीलाल स्टेडियम के एथलेटिक ट्रैक पर खड़ा होने से ब्लॉक स्तरीय स्कूली खेल 3 दिन टले। विरोध के बाद हटा हेलीकॉप्टर।

Image

गुरुग्राम का मुद्दा है गंभीर...मैदान में प्रतियोगिता होगी या बीच में रोड़ा बनकर खड़ा रहेगा CM का हेलीकॉप्टर? खेल विभाग सफाई देने में लगा

Gurugram Tau Devi Lal Stadium VIP Helicopter: हरियाणा के गुरुग्राम में ताऊ देवीलाल स्टेडियम में वीआईपी (अति विशिष्ट व्यक्ति) लोगों को लाने ले-जाने वाला एक हेलीकॉप्टर खड़ा होने के कारण तीन दिन के लिए स्थगित की गई ब्लॉक स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को आयोजित की गई। सूत्रों ने यह जानकारी दी। जिला शिक्षा विभाग द्वारा यह खेल प्रतियोगिता पहले पांच अक्टूबर को स्टेडियम में आयोजित की जानी थी।

हरियाणा खेल विभाग के उप निदेशक राम मेहर सिंह ने बताया कि ताऊ देवीलाल खेल परिसर में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हेलीकॉप्टर खड़ा था, जिसे अब वहां से हटा लिया गया है। सिंह ने कहा, 'सुरक्षा कारणों से एथलेटिक ट्रैक (धावकों के दौड़ने का पथ) को बंद कर दिया गया था। अब हेलीकॉप्टर हटा दिया गया है और ट्रैक को दोबारा खोल दिया गया है।'

खिलाड़ी बोले- ये पहली बार थोड़ी हुआ

वहीं, खिलाड़ियों का दावा है कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। खिलाड़ियों के अनुसार, एक से दो अक्टूबर तक मैदान में एक वीआईपी हेलीकॉप्टर खड़ा था। इसके बाद पांच से सात अक्टूबर तक दूसरा वीआईपी हेलीकॉप्टर वहां खड़ा था। सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले भी लोगों ने सोशल मीडिया पर यह मुद्दा उठाया था, लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ।

बताया गया कि सैनी सिंगापुर की तीन दिन की यात्रा पर गए थे और गुरुग्राम लौटने के बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से चंडीगढ़ जाना था। शहर में अभी राज्य या नागरिक उड्डयन मंत्रालय का कोई हेलीपैड नहीं है, जबकि नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हेलीकॉप्टर पार्क करने पर अतिरिक्त शुल्क लगता है।

IndiaToday की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुग्राम के जिला खेल अधिकारी से संपर्क किए जाने पर जब पूछा गया कि खिलाड़ियों को स्टेडियम में जाने से क्यों रोका गया। इसपर अधिकारी ने बताया कि इस सुविधा का कामकाज गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMDA) के तहत आता है। वहीं, जब स्टेडियम कॉम्प्लेक्स के मैनेजर से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री कार्यालय ने स्टेडियम के अंदर हेलिकॉप्टर पार्क करने के लिए कहा था, तो अधिकारियों के पास इसे रोकने के लिए बहुत कम विकल्प थे।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article