महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शुक्रवार को खवद्या पहाड़ी (Khavdya Hill) पर स्थित एक गहरी खाई में गिरने से 19 साल के एक लड़के और उसके माता-पिता की मौत हो गई। इस तिहरे हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस घटना के पीछे की असली वजहों को तलाशने में जुट गई है और कई संभावित कोणों से मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय युवक किसी बात से नाराज होकर आत्महत्या करने के इरादे से पहाड़ी की ओर गया था। जब उसके माता-पिता को इस बात की खबर लगी, तो वे भी उसे रोकने और बचाने के लिए पीछे-पीछे पहाड़ी की तरफ भागे। हालांकि, दुर्भाग्यवश तीनों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरी खाई में जा गिरे, जिससे तीनों की मौके पर ही जान चली गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'घूमने चलें', कहकर लिव-इन पार्टनर को कार में ले गया प्रेमी, फिर हत्या कर जंगल में फेंका शव; मेरठ पुलिस ने खोला राज
मोबाइल के झगड़े से लेकर सोशल मीडिया वीडियो तक खंगाल रही पुलिस
शुरुआती जांच में मोबाइल फोन को लेकर हुआ विवाद घटना की एक मुख्य वजह बनकर सामने आ रहा है, लेकिन पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या इस खौफनाक कदम के पीछे कोई घरेलू झगड़ा, संपत्ति का विवाद या फिर कोई अन्य वजह शामिल थी। इस मामले में मृतका संगीता चांदगुड़े की सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। संगीता सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और नियमित रूप से वीडियो पोस्ट करती थीं।
उनके कुछ पुराने वीडियो अब चर्चा में हैं, जिनमें वे कह रही हैं कि "जब रिश्ते में आपसी सम्मान न रहे, तो उससे दूर हो जाना ही बेहतर होता है।" एक अन्य वीडियो में उन्होंने परिवार में संपत्ति के बंटवारे और अपने बेटे को हक न मिलने की बात कही थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
