Ankita Bhandari Case: उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित 'वीआईपी' की भूमिका को लेकर चल रही जांच में एक महत्वपूर्ण मोड़ आ गया है। इस मामले से जुड़ी टेलीविजन अभिनेत्री उर्मिला सनावर शुक्रवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत में पेश हुईं। कोर्ट में सुनवाई के दौरान यह निर्णय लिया गया कि उर्मिला सनावर का नार्को एनालिसिस और पॉलीग्राफ टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में कराया जाएगा।
नवंबर के तीसरे सप्ताह में होगा मेडिकल चेकअप
उर्मिला सनावर की अधिवक्ता शिवानी तोमर ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि अदालत के समक्ष उर्मिला ने नार्को और पॉलीग्राफ दोनों टेस्ट के लिए अपनी आधिकारिक सहमति दे दी है और उनके बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। हालांकि, कोर्ट की ओर से अभी तक इन परीक्षणों की निश्चित तारीख घोषित नहीं की गई है। वकील के अनुसार, नवंबर के तीसरे सप्ताह तक उर्मिला का अनिवार्य मेडिकल चेकअप कराए जाने की संभावना है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही गांधीनगर में होने वाले नार्को एनालिसिस की तारीख पर अंतिम मुहर लगेगी।
पेशी से ठीक पहले हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि उर्मिला सनावर को इससे पूर्व 26 अक्टूबर को भी अदालत में हाजिर होना था, लेकिन पेशी से महज एक दिन पहले ही पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया था। यह गिरफ्तारी हरिद्वार में उनके विरुद्ध दर्ज जबरन वसूली के एक अन्य मामले में की गई थी। हालांकि, पिछले सप्ताह ही हरिद्वार की एक स्थानीय अदालत ने उन्हें इस मामले में जमानत दे दी थी, जिसके बाद शुक्रवार को उनकी सीबीआई कोर्ट में पेशी संभव हो सकी।
कैसे गरमाया 'वीआईपी' एंगल और ऑडियो विवाद?
18 सितंबर 2022 को ऋषिकेश के पास स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में बतौर रिसेप्शनिस्ट कार्यरत 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य अपराध में रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर तथा अंकित गुप्ता को दोषी करार देते हुए अदालत पहले ही उम्रकैद की सजा सुना चुकी है। मामला शांत होने के बजाय पिछले साल दिसंबर में तब फिर से सुर्खियों में आ गया, जब सोशल मीडिया पर कुछ कथित ऑडियो क्लिप वायरल हुए। यह बातचीत हरिद्वार के ज्वालापुर से पूर्व विधायक सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली उर्मिला सनावर के बीच की बताई गई। इन वायरल ऑडियो में हत्याकांड के दौरान एक 'वीआईपी' की संलिप्तता और उसके नाम का जिक्र होने का दावा किया गया था।
सीबीआई जांच और पूर्व विधायक का टेस्ट
ऑडियो वायरल होने के बाद अंकिता के माता-पिता की पुरजोर मांग और कांग्रेस समेत विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए राज्य के मुख्यमंत्री ने इसी साल जनवरी में इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। बता दें कि इस हाई-प्रोफाइल मामले में भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर का भी नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट होना तय है। राठौर पहले ही अदालत के समक्ष इन परीक्षणों के लिए अपनी सहमति दर्ज करा चुके हैं। अब दोनों के टेस्ट होने के बाद इस मामले में कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
