Bus-Truck Collision in Kaziranga: असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-715 पर एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना काजीरंगा के कोहोरा रेंज स्थित हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजान इलाके में हुई। तेज रफ्तार से आ रही यात्री मिनी बस सामने से आ रहे एक कंटेनर ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी बस के परखच्चे उड़ गए।
गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट में सात लोगों की मौके पर ही मौत की पुष्टि हुई थी। हालांकि, बस के मलबे से शवों को निकालने और इलाज के दौरान पांच अन्य घायलों ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 12 हो गया है। पुलिस का कहना है कि बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह बस की तेज रफ्तार सामने आई है। काजीरंगा नेशनल पार्क क्षेत्र के पास वाहनों की गति को लेकर सख्त नियम और प्रतिबंध लागू हैं, लेकिन मिनी बस चालक ने इन नियमों की अनदेखी करते हुए गाड़ी बेहद तेज गति से चलाई। आशंका जताई जा रही है कि इसी तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे कंटेनर ट्रक से टकरा गई।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक और असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अतुल बोरा तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी की। दुर्घटना में घायल हुए सभी यात्रियों को तत्काल कोहोरा मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद, अत्यंत गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
