दिल्ली : दिल्ली पुलिस की रोहिणी स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 40 वर्षीय जोगेंद्र उर्फ जॉक और 25 वर्षीय जॉनी उर्फ अक्षय के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच अत्याधुनिक पिस्टल और एक देसी कट्टा समेत कुल छह हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 24 जिंदा कारतूस और 11 लाख रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। इसके अलावा हथियारों की सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही एक गाड़ी को भी जब्त किया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें -Delhi Chhath : छठ महापर्व के लिए दिल्ली तैयार, 16 नवंबर तक घाटों पर पूरी होंगी सभी व्यवस्थाएं
जांच में सामने आया है कि जोगेंद्र मंगोलपुरी, सुल्तानपुरी और नांगलोई इलाके में कथित तौर पर अवैध सट्टे का नेटवर्क चला रहा था। उसके खिलाफ पहले भी हत्या और मारपीट के मामले दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी जॉनी उर्फ अक्षय पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने जॉनी उर्फ अक्षय को हथियारों का सप्लायर बताया है। उसके कब्जे से तीन पिस्टल और 10 कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हथियारों की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
