वेब सीरीज

Daayra OTT Release: ये 5 वजहें 'दायरा' को बनाती हैं खास, Netflix पर आज ही देखे करीना-पृथ्वीराज की फिल्म

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 13, 2026, 05:15 PM IST

Daayra OTT Release: करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म ‘दायरा’ ओटीटी पर दस्तक दे चुकी है। आप इसे देखने की प्लान कर रहे हैं, तो जानिए फिल्म की पांच खास बातें।

Image

करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की ‘दायरा’ को क्यों देखें? ये 5 वजहें बनाएंगी फिल्म को खास (Image Source: Daayra Movie)

Daayra OTT Release: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर (Kareena Kapoor) और साउथ स्टार पृथ्वीराज सुकुमारन (Prithviraj Sukumaran) की फिल्म दायरा (Daayra) ने बड़े पर्दे पर खूब धमाल मचाया था। अब करीना कपूर ये फिल्म ओटीटी पर आ चुकी है। इस फिल्म का निर्देशन मेघना गुलजार (Meghna Gulzar) ने किया है। सिनेमाघरों में 18 सितंबर को रिलीज हुई इस क्राइम थ्रिलर को अब नेटफ्लिक्स (Netflix) पर देखा जा सकता है। फिल्म में करीना और पृथ्वीराज पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। दोनों स्टार्स पुलिस अधिकारियों के किरदार में नजर आ रहे हैं, लेकिन उनकी सोच और काम करने का तरीका एक-दूसरे से काफी अलग है। अगर आपने अभी तक ये फिल्म नहीं देखी है, तो इसे अपनी वॉचलिस्ट में शामिल करने की ये पांच वजहें हो सकती हैं।

1. करीना कपूर और पृथ्वीराज की पहली ऑनस्क्रीन जोड़ी

‘दायरा’ देखने की पहली वजह करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की जोड़ी है। दोनों कलाकार पहली बार इस फिल्म में साथ नजर आए हैं। करीना डीसीपी अजूनी कोहली का किरदार निभा रही हैं, जबकि पृथ्वीराज डीसीपी रमन कुमार के रोल में हैं। दोनों के किरदार पुलिस डिपार्टमेंट का हिस्सा हैं, लेकिन न्याय को लेकर उनकी सोच अलग-अलग है। यही टकराव फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाता है।

2. मेघना गुलजार का निर्देशन

फिल्म की दूसरी खास बात इसका निर्देशन है। मेघना गुलजार इससे पहले ‘तलवार’ (Talvar) और ‘राजी’ (Raazi) जैसी फिल्में बना चुकी हैं। उनकी फिल्मों में सीरियस टॉपिक और उनसे जुड़े सवालों को दिखाया जाता है। ‘दायरा’ में भी वो पुलिस व्यवस्था, कानून और इंसाफ के बीच के मुश्किल सवालों को सामने रखती हैं।

3. सच्ची घटनाओं से प्रेरित कहानी

‘दायरा’ की कहानी वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है। फिल्म में एक रेप और हत्या के मामले के बाद पुलिस एनकाउंटर होता है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों की मौत हो जाती है। इसके बाद सवाल उठता है कि क्या पुलिस ने कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई की या फिर उसने खुद ही फैसला सुना दिया? फिल्म इसी घटना के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है।

4. कानून और इंसाफ के बीच की लड़ाई

फिल्म की सबसे दिलचस्प बात ये है कि इसमें किसी एक पक्ष को पूरी तरह सही या गलत बताने के बजाय अलग-अलग नजरियों को दिखाया गया है। करीना का किरदार अजूनी कानून और तय प्रोसेस के मुताबिक जांच करना चाहता है। वहीं पृथ्वीराज का किरदार रमन कुमार अपने फैसलों और पुलिस कार्रवाई को लेकर सवालों के घेरे में है। दोनों के बीच का वैचारिक टकराव दर्शकों को सोचने पर मजबूर करता है कि इंसाफ की सही परिभाषा क्या है।

5. क्राइम और इन्वेस्टिगेशन ड्रामा का मेल

अगर आपको पुलिस इन्वेस्टिगेशन, सीरियस क्राइम और उसके पीछे छिपे सवालों पर बनी फिल्में पसंद हैं, तो ‘दायरा’ आपके लिए एक विकल्प हो सकती है। फिल्म में जांच की प्रक्रिया, पूछताछ और पुलिस डिपार्टमेंट की जवाबदेही जैसे पहलुओं को जगह दी गई है। इसकी कहानी सिर्फ अपराध तक सीमित नहीं रहती, बल्कि ये भी सवाल उठाती है कि किसी मामले में जल्दबाजी में लिया गया फैसला कितना सही हो सकता है।

कहां और किस भाषा में देखें?

‘दायरा’ 13 नवंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो चुकी है। फिल्म को हिंदी और मलयालम में देखा जा सकता है। करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन के अलावा फिल्म में जितेंद्र जोशी (Jitendra Joshi), क्षिति जोग (Kshitee Jog) और बिस्वपति सरकार (Biswapati Sarkar) भी अहम रोल में हैं।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article