शहर

बक्सा टाइगर प्रोजेक्ट के लिए क्यों चुनी गई प्रेग्नेंट बाघिन? तीन भ्रूण नष्ट होने से हड़कंप; क्या है माजरा?

बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व लाई गई बाघिन का कथित तौर पर गर्भपात हो गया। सूत्रों के मुताबिक, उसके तीन भ्रूण नष्ट हो गए। बाघिन पहले असम पहुंच गई थी और वापस लाए जाने के बाद 8 नवंबर को बाड़े से भाग निकली।

Image

बिहार से बंगाल लाई गई बाघिन का गर्भपात

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़ाने की योजना को झटका लगा है। बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से लाई गई एक बाघिन का कथित तौर पर गर्भपात हो गया। बताया जा रहा है कि बाघिन करीब दो महीने की गर्भवती थी। इस मामले में पश्चिम बंगाल वन विभाग ने जांच समिति गठित की है। समिति यह भी पता लगाएगी कि गर्भवती होने के बावजूद बाघिन को बाघ पुनर्वास परियोजना के लिए कैसे चुना गया।

बाघिन को 30 सितंबर को वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से बक्सा लाया गया था। वन विभाग को 7 नवंबर की रात उसकी गर्भावस्था और तीन भ्रूण नष्ट होने की जानकारी मिली। इसके बाद बाघिन को तीन बार बेहोश किए जाने के बावजूद गर्भावस्था का पता नहीं चलने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उसे 29 सितंबर, 1 अक्टूबर और 3 नवंबर को ट्रैंक्विलाइज किया गया था। साथ ही, बिहार से बंगाल लाने से पहले और बाद में उसकी स्वास्थ्य जांच की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

तीन भ्रूण नष्ट होने का पता

जानकारी के मुताबिक, 2 अक्टूबर को बक्सा टाइगर रिजर्व में छोड़े जाने के महज दो दिन बाद बाघिन अपने निर्धारित क्षेत्र से बाहर निकल गई थी। वह 23 अक्टूबर को असम पहुंच गई, जहां से वन विभाग की टीम ने उसे 3 नवंबर को वापस बक्सा लाया। सूत्रों के अनुसार, 7 नवंबर तक उसके तीन भ्रूण नष्ट हो चुके थे। इस दौरान वह लगातार बेचैन और आक्रामक व्यवहार कर रही थी।

इसके बाद 8 नवंबर की दोपहर बाघिन अपने बाड़े की बाड़ के नीचे खुदाई कर वहां से भाग निकली। इस घटना के बाद बाड़े के निर्माण और सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल उठ रहे हैं।

पश्चिम बंगाल वन विभाग की ओर से गठित जांच समिति यह पता लगाएगी कि गर्भवती बाघिन को बक्सा टाइगर परियोजना के लिए क्यों चुना गया? इसके अलावा, बाड़े के निर्माण में हुई संभावित खामियों और बाघिन के वहां से भागने के कारणों की भी जांच की जाएगी।

वहीं, राज्य के वन मंत्री मनोज कुमार ओरांव ने कहा कि एक केंद्रीय टीम भी बाघिन को पकड़े जाने के समय से लेकर अब तक हुई घटनाओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि बाघिन को फिटनेस सर्टिफिकेट मिलने के बाद ही छोड़ा गया था। मंत्री ने भ्रूणों के बारे में जानकारी होने से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें यह भी नहीं पता कि वास्तव में बाघिन गर्भवती थी या नहीं। केंद्रीय टीम की रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में टिप्पणी की जाएगी।

Pooja Mehta
पूजा मेहताauthor

पूजा मेहता एक वरिष्ठ टेलीविज़न पत्रकार हैं, जिन्हें रिपोर्टिंग का लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने राजनीति, आतंकवाद, आंतरिक संघर्ष, रक्षा, पर्यावरण और अपराध पर व्यापक रिपोर्टिंग की है, विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों पर गहरा फोकस रखते हुए। संघर्षग्रस्त इलाकों से उनकी ज़मीनी रिपोर्टिंग और जटिल मुद्दों की गहन समझ उन्हें पैनी दृष्टि और विश्वसनीय विश्लेषण के लिए अलग पहचान दिलाती है। वह प्रमाणित Defence Correspondent हैं और अमेरिकी विदेश विभाग के प्रतिष्ठित International Visitor Leadership Program (IVLP) की एलुमनी भी हैं, जिससे विदेशी नीति, सुरक्षा और सामरिक मामलों में उनकी विशेषज्ञता और मजबूत हुई है।

और पढ़ें
End of Article