Amritsar News: पंजाब के अमृतसर में पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला अजनाला क्षेत्र से सामने आया है, जहां GRP अमृतसर में तैनात ASI सुखचैन सिंह पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। यह वारदात उस वक्त हुई जब वह अपनी ड्यूटी खत्म कर मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। गोली लगने से घायल ASI को तुरंत अजनाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर और स्थिर बनी हुई है। गोली लगने से घायल ASI को तुरंत अजनाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर और स्थिर बनी हुई है।
ड्यूटी से घर लौट रहे थे ASI
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजनाला थाने के तहत आने वाले क्षेत्र में ASI सुखचैन सिंह ड्यूटी खत्म होने के बाद अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर जा रहे थे। जैसे ही वह जगदेव खुर्द के पास पहुँचे, पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी। हमले के दौरान एक गोली उनके कंधे पर लगी और पार निकल गई। अचानक हुए इस हमले में ASI सुखचैन सिंह घायल होकर गिर पड़े, जिसके बाद राहगीरों और परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत अजनाला सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर और अस्पताल पहुंचे। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी धर्मेंद्र कल्याण ने बताया कि जीआरपी अमृतसर में तैनात हमारे ASI सुखचैन सिंह अपनी ड्यूटी पूरी करके मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में उन पर फायरिंग की गई, जिसमें उनके कंधे पर गोली लगी है और वह आर-पार हो गई है। घायल अवस्था में उन्हें अजनाला के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से बारीकी से जांच कर रही है।
अमृतसर में पुलिसकर्मियों को लगातार बनाया जा रहा निशाना
अमृतसर जिले में पंजाब पुलिस के अधिकारियों और जवानों पर लगातार हो रहे हमलों ने राज्य में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में अमृतसर में ही पंजाब पुलिस के एक अन्य ASI की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि एक दूसरे हमले में एक और ASI गंभीर रूप से घायल हो गया था। अब ASI सुखचैन सिंह पर हुए इस जानलेवा हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन चला रही है।
