क्रिकेट

डेरेन लेहमैन ने फिर दी सैंडपेपरगेट मामले में सफाई, तत्कालीन कोच ने कहा, नहीं थी विवाद की जानकारी

सैंडपेपरगेट विवाद के दौरान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कोच रहे डेरेन लेहमैन ने एक बार फिर इस मामले में सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि इस मामले की उन्हें जानकारी नहीं थी।

Image

डेरेन लेहमैन

सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व मुख्य कोच डेरेन लेहमैन ने 2018 के केपटाउन टेस्ट में गेंद से छेड़छाड़ के लिए ’सैंडपेपर’ (रेगमाल) इस्तेमाल करने की योजना की जानकारी होने से एक बार फिर इनकार करते हुए कहा कि उन्हें याद नहीं है कि वह उससे जुड़ी बातचीत के दौरान मौजूद थे। उस समय ऑस्ट्रेलियाई टीम के मुख्य कोच रहे लेहमैन ने कहा कि गेंद से छेड़छाड़ के विवाद ने उन्हें मानसिक रूप से बेहद मुश्किल दौर में पहुंचा दिया था।

मुझे नहीं पता था किया जा रहा है सैंडपेपर का इस्तेमाल

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मेलबर्न में पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान 'एबीसी रेडियो' पर कमेंट्री करते हुए लेहमैन से पूछा गया कि क्या उन्हें मैदान पर सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी थी? इस पर उन्होंने कहा,'नहीं। मुझे नहीं पता था कि सैंडपेपर का इस्तेमाल किया जा रहा है। उस समय मैं टीम का कोच था और इसकी जिम्मेदारी मुझे लेनी होगी। जो कुछ हुआ, उसके लिए मुझे खेद है। मेरी गलती थी कि मामला इस हद तक पहुंच गया। गेंद से छेड़छाड़ का पूरा प्रकरण बेहद खराब दौर था। हम सभी से गलतियां हुईं।'

बेनक्रॉफ्ट ने किया है पूरी टीम को जानकारी होने का दावा

’सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’ के मुताबिक लेहमैन बुधवार को होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच तीसरे वनडे मैच के दौरान एबीसी रेडियो पर कमेंट्री करते हुए कैमरन बेनक्रॉफ्ट के आरोपों से जुड़े सवालों का जवाब नहीं दे सके थे जिसके बाद उन्हें कमेंट्री की जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया। बेनक्रॉफ्ट ने बुधवार को करीब 4,500 शब्दों के एक विस्तृत बयान में दावा किया था कि ऑस्ट्रेलियाई टीम के सभी खिलाड़ियों को गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि पोर्ट एलिजाबेथ में खेले गए दूसरे टेस्ट के दौरान हुई एक बातचीत में लेहमैन और गेंदबाजी कोच डेविड सेकर मौजूद थे। इस बातचीत में डेविड वॉर्नर ने गेंद के एक हिस्से को सैंडपेपर से खुरदरा करने का सुझाव दिया था, ताकि रिवर्स स्विंग हासिल की जा सके।

मैं अपने पक्ष पर कायम हूं

लेहमैन ने वॉर्नर की ओर से इस तरह का प्रस्ताव दिए जाने वाली बातचीत में मौजूद होने की बात याद होने से इनकार किया। उन्होंने कहा,'मुझे याद नहीं है कि मैं उस बातचीत के दौरान वहां मौजूद था। लेकिन यह साढ़े आठ साल पुरानी घटना है। आपको इस बारे में उन लोगों से पूछना होगा। यही समस्या है। मेरा अपना पक्ष है और मैं उसी पर कायम हूं।'

पतलून में सैंडपेपर छिपाते पकड़े गए थे बेनक्रॉफ्ट

केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान टेलीविजन फुटेज में बेनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर अपनी पतलून में छिपाते हुए देखा गया था। अपनी सफाई में बेनक्रॉफ्ट ने आरोप लगाया कि घटना सामने आने के तुरंत बाद लेहमैन ने पीटर हैंड्सकॉम्ब से कहा था कि वह ’बेंज’ से सैंडपेपर तुरंत ले लें। इस आरोप पर लेहमैन ने कहा,'मुझे ठीक से याद नहीं है। यह सब घटना सामने आने के बाद हुआ था। टेलीविजन पर सब कुछ दिखाया जा चुका था। इस बारे में कैमरन का अपना नजरिया है, लेकिन मेरा पक्ष अलग है। मैं उनके बारे में कुछ नहीं कहना चाहता।'

लेहमैन को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दी क्लीन चिट

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से 2018 में की गई शुरुआती जांच में लेहमैन को रेगमाल इस्तेमाल करने की योजना की जानकारी होने के मामले में क्लीन चिट दे दी गई थी। विवाद के बाद उन्हें हालांकि ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच का पद छोड़ना पड़ा था। लेहमैन से जब पूछा गया कि इस मामले के बाद उन्होंने इस्तीफा दिया था या उन्हें बर्खास्त किया गया था, ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व बल्लेबाज ने कहा,'आप इस्तीफा देते हैं, लेकिन मुझे बहुत जल्दी साफ संकेत दे दिए गए थे कि इसके क्या परिणाम होंगे। उस समय मैं कोच था और मुझे इसकी जिम्मेदारी लेनी थी। इसलिए आप इसे इस्तीफा कहें या दबाव में लिया गया फैसला, जो भी नाम देना चाहें। अब इस घटना को साढ़े आठ साल हो चुके हैं। मेरे लिए वह दुनिया की सबसे अच्छी नौकरी थी और मुझे वह काम बेहद पसंद था।'

इस विवाद का मानसिक स्थिति पर पड़ा था असर

लेहमैन ने इस विवाद के अपने मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर पड़े गहरे असर के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि इस घटना से उबरने में उन्हें तीन से चार साल लग गए। उन्होंने कहा,'मैं आपको और श्रोताओं को बता सकता हूं कि साढ़े आठ साल पहले जो कुछ हुआ, उसके बारे में बात करना मुझे पसंद नहीं है। मैं मानसिक रूप से बेहद मुश्किल दौर में चला गया था। आप जितनी बुरी स्थिति की कल्पना कर सकते हैं, मैं उससे गुजर रहा था। सामान्य स्थिति में लौटने में मुझे शायद तीन-चार साल लग गए। मैं दोबारा उस दौर में नहीं जाना चाहता। अब आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा हूं और पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहता।' साल 2018 का ’सैंडपेपर’ विवाद दो सप्ताह पहले फिर चर्चा में आ गया था। ऑस्ट्रेलिया की टीम का हिस्सा रहे उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा में किए गए खुलासों के बाद इस मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article