अहमदाबाद : चोरी, चेन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने के बाद हाईवे होटल में पार्टी करना, कोल्ड ड्रिंक पीना, मौज-मस्ती करना और लूटी गई सोने की चेन को बाइक पर घुमाकर जश्न मनाना। यह कोई फिल्मी कहानी नहीं, बल्कि अहमदाबाद के कुख्यात 'तूफानी गैंग' की असली कार्यशैली थी, जिसका खुलासा अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने किया है। अहमदाबाद जोन-5 के डीसीपी आईपीएस जितेंद्र अग्रवाल के सुपरविजन में एलसीबी के पीएसआई के.के. जाडेजा की टीम ने कार्रवाई करते हुए गैंग के एक सक्रिय सदस्य अरबाज उर्फ सुम्मन शेख (25) को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की एक एक्टिवा बरामद की गई, जिसके साथ बापूनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज वाहन चोरी का लंबित मामला भी सुलझ गया।
'आज कुछ तूफानी करते हैं' से बना गैंग का नाम
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात पर निकलने से पहले गैंग के सदस्य एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाने के लिए "आज कुछ तूफानी करते हैं" का नारा लगाते थे। धीरे-धीरे यही उनकी पहचान बन गई और उन्होंने अपने गिरोह का नाम ही 'तूफानी गैंग' रख लिया।
बिना नंबर प्लेट की बाइक, सुबह-रात के समय बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक, गैंग वारदात के दौरान बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल करता था ताकि सीसीटीवी कैमरों के जरिए उनकी पहचान न हो सके। आरोपी खासतौर पर सुबह तड़के या देर रात शहर के पूर्वी इलाकों में अकेले गुजर रही महिलाओं और राहगीरों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो जाते थे।
हर सफल वारदात के बाद 'आफ्टर लूट पार्टी'
जांच में यह भी सामने आया कि गैंग के अधिकांश सदस्य बेरोजगार थे और चोरी व स्नैचिंग से मिलने वाले पैसों से अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस के अनुसार, हर सफल वारदात के बाद आरोपी सीधे हाईवे किनारे स्थित होटलों में पहुंचते थे, जहां 'आफ्टर लूट पार्टी' करते थे। वे कोल्ड ड्रिंक, वेफर्स और अन्य खाने-पीने की चीजों पर पैसा खर्च करते थे। इतना ही नहीं, कई बार बाइक पर घूमते हुए लूटी गई सोने की चेन हवा में लहराकर फिल्मी अंदाज में जश्न भी मनाते थे।
चोरी की एक्टिवा बरामद
एलसीबी जोन-5 की टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर अरबाज शेख को दबोचा। पूछताछ और जांच के दौरान उसके पास से बरामद एक्टिवा बापूनगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक वाहन चोरी के मामले की निकली, जिससे लंबे समय से लंबित केस का खुलासा हो गया।
आरोपी पर पहले से 9 आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अरबाज शेख के खिलाफ पहले से 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वाहन चोरी, चेन स्नैचिंग, शराब के नशे में वाहन चलाने और मारपीट जैसे अपराध शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ दो बार PASA के तहत कार्रवाई भी हो चुकी है तथा कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई (चैप्टर केस) भी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि 'तूफानी गैंग' के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह शहर में हुई अन्य वाहन चोरी और चेन स्नैचिंग की वारदातों में कितना शामिल रहा है।
