अहमदाबाद नगर निगम (AMC) के फूड विभाग ने राजस्थान से लग्जरी वैन के जरिए अहमदाबाद लाए गए 408 किलो संदिग्ध लो-फैट पनीर के जखीरे को बिक्री से रोक दिया है। पनीर की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर विभाग ने इसके सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजे हैं।
फूड विभाग को सूचना मिली थी कि दूसरे राज्यों से लग्जरी गाड़ियों में बड़ी मात्रा में पनीर अहमदाबाद लाया जा रहा है। इसके आधार पर अधिकारियों ने आज यानी शुक्रवार 21 अगस्त की सुबह मणिनगर स्थित देवकी गार्डन के पास पार्किंग में निगरानी रखी। इसी दौरान अरुणाचल प्रदेश के रजिस्ट्रेशन वाली दो लग्जरी वैन वहां पहुंचीं। अधिकारियों ने वाहनों की जांच की तो उनमें बड़ी मात्रा में पनीर मिला।
240 रुपये प्रति किलो में बेचा जा रहा था पनीर
फूड विभाग के मुताबिक, पनीर को लो-फैट पनीर बताकर करीब 240 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा जा रहा था। वहीं, पैकेट पर MRP करीब ₹400 से ₹450 प्रति किलो दर्ज थी। पैकेट पर दिए गए लेबल के अनुसार पनीर की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट राजस्थान के जोधपुर और पाली में बताई गई है।
408 किलो पनीर को बिक्री से रोका
AMC ने लगभग 408 किलो पनीर का पूरा स्टॉक जब्त कर बिक्री पर रोक लगा दी है। स्टॉक को फिलहाल कोल्ड स्टोरेज में रखवाया गया है। फूड विभाग को शुरुआती जांच में पनीर की गुणवत्ता को लेकर संदेह है। हालांकि, पनीर वास्तव में मिलावटी या घटिया गुणवत्ता का है या नहीं, इसकी पुष्टि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
नरौदा और मणिनगर के लोग लेने पहुंचे थे
अधिकारियों के अनुसार, नरौदा और मणिनगर के दो लोग यहां पनीर का स्टॉक लेने पहुंचे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये लोग पनीर को अलग-अलग जगहों पर सप्लाई करते थे। अब AMC की टीम यह पता लगा रही है कि यह पनीर किन-किन दुकानों और इलाकों में सप्लाई किया जाता था। साथ ही लेबल पर दर्ज जोधपुर और पाली की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और पूरे सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
AMC फूड ऑफिसर डॉ. तेजस शाह के मुताबिक, लैब रिपोर्ट और जांच के आधार पर संबंधित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, सप्लायर और खरीददारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी
