देश

FBI की 'मोस्ट वांटेड' सूची में शामिल हुआ गैंगस्टर कमल, बिश्नोई गैंग के जरिए अमेरिका में फैला रहा था जबरन वसूली का जाल

अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े भारतीय गैंगस्टर 'कमल' को अपनी वांटेड लिस्ट में शामिल किया है। कमल पर कैलिफोर्निया में जबरन वसूली और व्यापार में बाधा डालने की साजिश के आरोप हैं।

Image

FBI द्वारा जारी की गई आरोपी कमल की तस्वीर

अमेरिका की शीर्ष जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने भारत से संचालित होने वाले कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप के खिलाफ अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। FBI ने बिश्नोई गैंग से जुड़े एक और भारतीय नागरिक, जिसे 'कमल' (No Name Given Kamal) के नाम से जाना जाता है, को अपनी वांटेड सूची में शामिल कर लिया है FBI के अनुसार, कमल पर एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन का हिस्सा बनकर रंगदारी और जबरन वसूली के जरिए व्यापारिक गतिविधियों में बाधा डालने की साजिश रचने का गंभीर आरोप है।

कैलिफोर्निया कोर्ट ने जारी किया फेडरल अरेस्ट वारंट

FBI द्वारा साझा की गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार अमेरिका के कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट स्थित लॉस एंजिल्स जिला अदालत ने कमल के खिलाफ फेडरल अरेस्ट वारंट जारी किया है। आरोपी पर 'कॉन्स्पिरेसी टू इंटरफेयर विद कॉमर्स बाय एक्सटॉर्शन'यानी जबरन वसूली द्वारा व्यापार में बाधा डालने की साजिश की धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। FBI के मुताबिक, भारत के पंजाब राज्य से शुरू हुआ लॉरेंस बिश्नोई गैंग अब एक अंतर्राष्ट्रीय क्रिमिनल सिंडिकेट का रूप ले चुका है, जो कैलिफोर्निया और अमेरिका के अन्य हिस्सों में अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहा है।

'ऑपरेशन हार्ड बॉल' के तहत FBI की बड़ी कार्रवाई

अमेरिका में भारतीय गैंगस्टरों और उनके अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए FBI ने 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' की शुरुआत की है। इस विशेष अभियान के तहत अमेरिकी एजेंसियां लगातार उन भारतीय अपराधियों और उनके सहयोगियों को निशाना बना रही हैं जो अमेरिकी धरती पर आपराधिक गतिविधियों को चला रहे हैं। FBI अब तक कई ऐसे भारतीय गैंगस्टरों को वांटेड घोषित कर चुकी है या गिरफ्तार कर चुकी है, जो बिश्नोई गैंग, जग्गू भगवानपुरिया गैंग या अन्य आपराधिक नेटवर्कों से जुड़े हुए हैं। FBI की टीमें कमल की लोकेशन और उसके नेटवर्क का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर सूचनाएं जुटा रही हैं और आम जनता और एजेंसियों से अपील की है कि आरोपी कमल के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत FBI कार्यालय या अमेरिकी दूतावास से संपर्क करें।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article