Agra News: भारतीय रेलवे ने बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया है। बता दें कि यह कार्रवाई मंडल रेल प्रबंधक (DRM) गगन गोयल के सीधे निर्देश पर मुख्य तौर पर आगरा कैंट, आगरा फोर्ट और मथुरा जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशनों पर की गई। अभियान के दौरान, रेलवे अधिकारियों की टीमों ने 594 यात्रियों को पकड़ा और उनसे 3.42 लाख रुपये का भारी भरकम जुर्माना वसूला गया। यह कार्रवाई रेलवे के नियमों के उल्लंघन पर उसकी सख्ती को दर्शाती है।
नियमों का उल्लंघन करने वालों से लाखों का जुर्माना वसूला
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के निर्देशन में गठित टीमों द्वारा कार्रवाई की गई, जिसमें कुछ यात्री पकड़े जाने के डर से भागने की कोशिश करते हुए दिखाई दिए। लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया। अधिकारी ने बताया कि आगरा कैंट पर सबसे अधिक 301 यात्रियों से 1.77 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, मथुरा जंक्शन पर 236 यात्रियों से 1.34 लाख रुपये की वसूली की गई, जबकि आगरा फोर्ट पर 57 यात्रियों से 31 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। डिविजनल कमर्शियल मैनेजर (DCM) और असिस्टेंट कमर्शियल मैनेजर (ACM) की टीमों इस अभियान की निगरानी की।
रेलवे ने नियम उल्लघंन करने वाले यात्रियों की दी चेतावनी
रेलवे प्रवक्ता ने इस अभियान पर जोर देते हुए स्पष्ट किया है कि बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा और लगेज नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। रेलवे का यह कदम यह सुनिश्चित करने के की कोशिश है कि रेलवे स्टेशन पर आने वाले सभी यात्री नियमों का पालन करें और वैध टिकट के साथ यात्रा करें, जिससे रेलवे सेवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा बनी रहे। इस कार्रवाई से अनियमित यात्रा पर लगाम लगाने की भी उम्मीद की जा रही है।
