शहर

Aaj Ka Mausam: देश में मौसम का यू-टर्न, 7 राज्यों में गरज-चमक के साथ होगी बारिश, पढ़ें IMD का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग देखने को मिल रहा है। कहीं तेज गर्मी पड़ने लगी है, तो कहीं बारिश और बर्फबारी के आसार जताए जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण 7 जिलों बारिश की संभावना है। इस दौरान पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के भी आसार हैं।

Image

7 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट (AI Image)

Aaj Ka Mausam (आज का मौसम, 10 मार्च 2026): देश के अधिकांश हिस्सों में समय से पहले ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। महाराष्ट्र और राजस्थान के कई हिस्सों में तेज गर्मी का प्रकोप भी शुरू हो गया है। अकोला जिले में अभी से ही तापमान 40 डिग्री के पार जाने लगा है। वहीं राजस्थान में अगले दो दिन लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच कुछ राज्य ऐसे भी हैं, जहां पर बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने वेदर सिस्टम के कारण देशभर के मौसम पर प्रभाव पड़ने की संभावना है। म्यांमार के पास बंगाल की खाड़ी में बना एटमॉस्फेरिक सर्कुलेशन धीरे-धीरे भारत की तरफ बढ़ रहा है। जिसका प्रभाव खासतौर पर पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में देखने को मिल सकता है। जिसके कारण 9 से 11 मार्च तक कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

बिहार में IMD का अलर्ट

बिहार में फिलहाल मौसम का मिजाज बदला हुआ है। अगले दो दिन तक कई जिलों में आंधी-बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मंगलवार सीमांचल क्षेत्र के किशनगंज, पूर्णिया, पटना, अररिया, जमुई और मुजफ्फरपुर में 30 से 40 किमी प्ति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इ जिलों में घने बादल छाए रह सकते हैं। वहीं दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सीतामढ़ी, शिवहर, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, सहरसा, जमुई, खगड़िया और मुंगेर तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। 11 मार्च तक बिहार में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सोमवार को एक्टिव हुए नए पश्चिमी विक्षोभ का हिमाचल के मौसम पर प्रभाव देखने को मिल सकता है। अगले तीन दिनों तक राज्य के 6 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 11 और 12 मार्च को कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, चंबार, लाहौल-स्पीति और किन्नौर में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। इस दौरान हिमाचल के कई हिस्सों में बर्फबारी का भी अनुमान है। वहीं मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

जम्मू-कश्मीर में बारिश-बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर में भी अगले कुछ दिन मौसम बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग ने घाटी में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई है। साथ ही कहीं-कहीं बर्फबारी होने के भी आसार हैं। 10 से 12 मार्च के बीच प्रदेश के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी का पूर्वानुमान है। वहीं कुपवाड़ा, अनंतनाग, गांदरबल और बांदीपोर के ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम बर्फबारी के आसार हैं। 13 से 17 मार्च के बीच भी ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण पूर्वोत्तर के राज्यों में भी मौसम बदला हुआ है। सोमवार को कई हिस्सों में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज हुई। IMD के मुताबिक 9 से 11 मार्च के दौरान असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलते के भी आसार हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article