शहर

Kunal Khemu: एक्टर कुणाल खेमू और उनके पिता के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत, क्या है मामला?

Fraud Complaint: फिल्म निर्माता रवि दुर्गाप्रसाद अग्रवाल ने अभिनेता पिता-पुत्र पर लगभग दो दशक पुरानी एक फिल्म परियोजना को लेकर धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक धमकी का आरोप लगाया है।

Image

एक्टर कुणाल खेमू (फाइस फोटो: canva)

मुंबई की एक अदालत ने बॉलीवुड अभिनेता कुणाल खेमू और उनके पिता रवि खेमू के खिलाफ दर्ज कथित धोखाधड़ी एवं आपराधिक विश्वासघात की शिकायत पर पुलिस से जवाब तलब किया है।प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट (अंधेरी न्यायालय) सुजीत कुमार सी. तायडे ने 29 दिसंबर को पारित एक आदेश में कहा कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 175 (3) के अनुसार मामले पर संज्ञान लेते हुए समय संबंधित पुलिस अधिकारी के बयान पर विचार करना आवश्यक है।

उन्होंने इसके बाद मुंबई के अंबोली पुलिस थाना के प्रभारी को मामले में अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया।फिल्म निर्माता रवि दुर्गाप्रसाद अग्रवाल ने अभिनेता पिता-पुत्र पर लगभग दो दशक पुरानी एक फिल्म परियोजना को लेकर धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक धमकी का आरोप लगाया है।अग्रवाल ने अधिवक्ता वेदिका चौबे के जरिये दायर अपनी शिकायत में कहा कि वह 'ओवरटेक' नामक एक हिंदी फिल्म का निर्माण कर रहे थे और उन्होंने कुणाल खेमू से मुख्य भूमिका निभाने के लिए संपर्क किया था।

'अभिनेता को पेशगी के रूप में 21 लाख रुपये का भुगतान किया गया'

शिकायत के मुताबिक उचित चर्चा, बातचीत और फिल्म की कहानी सुनने के बाद कुणाल खेमू उस फिल्म में काम करने के लिए तैयार हो गए थे।

अग्रवाल के मुताबिक कुणाल खेमू और उनके पिता से आश्वासन मिलने के बाद, अभिनेता को पेशगी के रूप में 21 लाख रुपये का भुगतान किया गया। निर्माता ने आरोप लगाया कि आरोपी पिता-पुत्र ने पेशगी की रकम लेने के बावजूद अपना वादा पूरा नहीं किया और दोनों ने अतिरिक्त धनराशि की मांग की, जिससे उसे कारोबार में भारी नुकसान हुआ।

'पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करके मामले की जांच करने का निर्देश दिया जाए'

अग्रवाल ने इससे पहले 2014 में अदालत का रुख किया था, लेकिन मामला 2017 में खारिज कर दिया गया था। उन्होंने नयी शिकायत में कहा कि समझौते की कोशिशें नाकाम होने और आरोपियों की ओर से नई धमकियों के बाद 'कार्रवाई का एक नया कारण' उत्पन्न हुआ है। शिकायत के मुताबिक अग्रवाल ने जनवरी 2024 में अंबोली पुलिस थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन आज तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अग्रवाल ने अदालत से गुहार लगाई है कि पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करके मामले की जांच करने का निर्देश दिया जाए।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article