आज के जमाने में अपने खर्चों को काम करने के लिए सभी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन क्रेडिट कार्ड का बिल चुकाने में अगर आप एक दिन भी लेट हो जाएं तो क्या आपका क्रेडिट स्कोर तुरंत गिर जाएगा? ये सवाल ज्यादातर लोगों के मन में रहता है। अगर आप भी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। आइए आपको बताते हैं कब और कितने दिन की लेट पेमेंट से आपका सिबिल स्कोर ख़राब होता है?
क्या होता है क्रेडिट स्कोर?
जब भी आप लोन लेते हैं या क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, तो आपके नाम पर एक क्रेडिट स्कोर बनता है। यह स्कोर बताता है कि आप अपना कर्ज कितनी ईमानदारी और समय पर चुकाते हैं। बैंक और वित्तीय संस्थान किसी को लोन देने से पहले सबसे पहले इसी स्कोर को देखते हैं। अगर आप क्रेडिट कार्ड का बिल समय पर नहीं चुकाते, तो इसका सीधा असर आपके क्रेडिट स्कोर पर पड़ता है। खासकर तब, जब देरी 30 दिन से ज्यादा हो जाए।
1 दिन की देरी से क्या बिगड़ता है क्रेडिट स्कोर?
अगर आप 1-2 दिन लेट पेमेंट करते हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। श्रीराम फाइनेंस की रिपोर्ट के अनुसार, इतनी कम देरी आमतौर पर क्रेडिट ब्यूरो को रिपोर्ट नहीं की जाती और स्कोर पर असर भी नहीं पड़ता। लेकिन अगर यह आदत बार-बार दोहराई जाए, तो बैंक आपके भुगतान व्यवहार पर सवाल उठा सकते हैं।
7 दिन तक की देरी
सप्ताह भर तक बिल न चुकाने पर भी आमतौर पर यह रिपोर्ट नहीं किया जाता, लेकिन यह आपके रिकॉर्ड में दर्ज हो सकता है। अगर आप अक्सर ऐसा करते हैं, तो बैंक आपके जोखिम प्रोफाइल को लेकर सतर्क हो जाते हैं।
15–30 दिन की देरी
अब स्थिति थोड़ी गंभीर हो जाती है। सिर्फ एक बार की 15–30 दिन की देरी भी आपका स्कोर 50 से 100 पॉइंट तक गिरा सकती है। यह गिरावट आपकी पिछली क्रेडिट हिस्ट्री पर भी निर्भर करती है।
30 दिन से ज्यादा देरी
अगर 30 दिन से अधिक समय तक बिल नहीं चुकाया जाता, तो यह जानकारी सीधे CIBIL जैसी एजेंसियों को भेज दी जाती है। नतीजा, आपका स्कोर 90 से 110 पॉइंट तक गिर सकता है और यह रिकॉर्ड आपकी रिपोर्ट में 6 साल तक दर्ज रहता है।
60 दिन की देरी
दो महीने तक भुगतान न करने पर बैंक इसे डिफॉल्ट की शुरुआत मानते हैं। इस स्थिति में आपका स्कोर 130 से 150 पॉइंट तक गिर सकता है। इसके बाद बैंक आप पर भरोसा करने से बचने लगते हैं।
90 दिन की देरी
तीन महीने तक बिल न भरना बहुत गंभीर स्थिति है। इसे सिवियर डिफॉल्ट माना जाता है। अब बैंक रिकवरी एजेंसी भेज सकते हैं या कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं। इसका आपकी क्रेडिट हिस्ट्री पर गहरा और लंबा असर पड़ता है।
120 दिन से ज्यादा की देरी
अगर चार महीने से ज्यादा बिल बकाया रह जाए, तो आपकी क्रेडिट प्रोफाइल पूरी तरह खराब हो सकती है। ऐसे में भविष्य में लोन मिलना बेहद मुश्किल हो जाएगा, और अगर मिला भी तो उस पर ब्याज दरें बहुत ज्यादा होंगी। कई बैंक आपको ब्लैकलिस्ट भी कर सकते हैं।
क्रेडिट स्कोर अच्छा करने के लिए क्या करें?
बिल चुकाने की आदत समय पर बनाए रखना क्रेडिट स्कोर के लिए बेहद ज़रूरी है। हमेशा कोशिश करें कि बिल की ड्यू डेट याद रखें और सुविधा के लिए ऑटो डेबिट सेट करें, ताकि भुगतान में देरी न हो। अगर कभी पैसों की दिक्कत हो, तो सीधे बैंक से संपर्क करें, क्योंकि बैंक अक्सर ईएमआई प्लान या डिले ऑप्शन उपलब्ध कराते हैं। ध्यान रखें कि देर से सही, लेकिन बिल का भुगतान जरूर करें, क्योंकि पूरी तरह न चुकाने से कहीं ज्यादा नुकसान देर से भुगतान करने में नहीं होता। साथ ही, क्रेडिट कार्ड की लिमिट का सही इस्तेमाल करें और जरूरत से ज्यादा खर्च करने से हमेशा बचें।
