बिजनेस

RBI जल्द करेगा प्लास्टिक नोटों का ट्रायल, सरकार ने ₹10 और ₹20 के नोटों को दी हरी झंडी

केंद्र सरकार ने आरबीआई के ₹10 और ₹20 के पॉलिमर (प्लास्टिक) नोटों के पायलट प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। फील्ड ट्रायल के तहत दोनों मूल्यवर्ग के 100-100 करोड़ नोट जारी किए जाएंगे। हालांकि सरकार ने साफ किया है कि फिलहाल कागजी नोटों को हटाने की कोई योजना नहीं है और प्लास्टिक नोटों की शुरुआत अभी शुरुआती चरण में है।

Image

RBI का बड़ा प्रयोग: ₹10 और ₹20 के प्लास्टिक नोटों की होगी फील्ड टेस्टिंग। AI IMAGE

RBI Polymer Notes: केंद्र सरकार ने भारतीय रिजर्व बैंक के ₹10 और ₹20 के पॉलिमर (प्लास्टिक) बैंक नोटों के पायलट प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री (MoS Finance) ने बताया कि फील्ड ट्रायल के लिए ₹10 के 100 करोड़ और ₹20 के 100 करोड़ पॉलिमर नोट जारी करने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है।

नोटों का सीमित स्तर पर किया जाएगा परीक्षण

सरकार के मुताबिक, प्लास्टिक नोटों की शुरुआत अभी शुरुआती चरण में है। फिलहाल इन नोटों का सीमित स्तर पर परीक्षण किया जाएगा, ताकि उनकी टिकाऊ क्षमता, सुरक्षा और उपयोगिता का आकलन किया जा सके। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि कागज के नोटों को पूरी तरह हटाकर उनकी जगह पॉलिमर नोट लाने का फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है। यानी मौजूदा कागजी मुद्रा पहले की तरह चलन में बनी रहेगी और प्लास्टिक नोट केवल परीक्षण के तौर पर जारी किए जाएंगे।

लोकसभा में पूछे गए सवालों के लिखित जवाब में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने इस मंजूरी की पुष्टि की। आरबीआई ने भारतीय परिस्थितियों में पॉलिमर नोटों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के लिए उन्हें प्रायोगिक आधार पर जारी करने का प्रस्ताव दिया है। सरकार के जवाब के अनुसार, व्यापक स्तर पर इन्हें जारी करने पर तभी विचार किया जाएगा जब जमीनी परीक्षण सफल होंगे। बता दें कि पॉलिमर नोट सामान्य कागजी नोटों की तुलना में अधिक टिकाऊ होते हैं। ये जल्दी फटते या खराब नहीं होते और इनमें उन्नत सुरक्षा फीचर शामिल किए जा सकते हैं, जिससे नकली नोटों पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है।

पॉलिमर नोटों का डिजिटल भुगतान पर कोई प्रभाव पड़ेगा?

बता दें कि आरबीआई ने यह कहा है कि यह आकलन करना अभी जल्दबाजी होगी कि पॉलिमर नोटों का डिजिटल भुगतान पर कोई प्रभाव पड़ेगा या नहीं। आरबीआई ने सरकार को बताया कि ऐसा कोई भी आकलन नोटों के नियमित प्रचलन में आने के बाद ही किया जा सकता है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article