Shukra-Shani Triseptile Yog 2026: 27 जुलाई 2026 की सुबह 10 बजकर 34 मिनट पर धन, वैभव और भौतिक सुखों के कारक शुक्र तथा कर्मफलदाता शनि के बीच लगभग 154.29 डिग्री का कोण बन रहा है। आधुनिक ज्योतिष (Harmonic Astrology) में इस कोण को ट्रीसेपटाइल (Triseptile Aspect) कहा जाता है। यह सेप्टाइल परिवार की एक सूक्ष्म लेकिन प्रभावशाली दृष्टि मानी जाती है, जो जीवन में ऐसे मोड़ लेकर आती है जहां व्यक्ति को भावनाओं, इच्छाओं और कर्तव्य के बीच कठिन निर्णय लेने पड़ते हैं।
इस समय शुक्र सिंह राशि में और शनि मीन राशि में वक्री अवस्था में रहेंगे। वक्री शनि इस दृष्टि को और अधिक आत्ममंथन, कर्मफल और पुराने अधूरे मामलों से जोड़ देते हैं। इसलिए यह योग सामान्य शुभ योगों की तरह तुरंत लाभ देने वाला नहीं माना जा सकता। इसका प्रभाव विशेष रूप से उन राशियों पर अधिक दिखाई दे सकता है जिनके जीवन में इस समय करियर, रिश्ते, धन और मानसिक संतुलन से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले चल रहे हैं।
ट्रीसेपटाइल योग क्या होता है और इसे गंभीर क्यों माना जाता है
ट्रीसेपटाइल लगभग 154.28 डिग्री का एक हार्मोनिक एस्पेक्ट है, जो पारंपरिक वैदिक दृष्टियों (जैसे सप्तम, चतुर्थ, अष्टम आदि) से अलग माना जाता है। आधुनिक ज्योतिष में इसे ऐसा कोण माना जाता है जो व्यक्ति को नियति (Destiny), कर्म और आंतरिक परिवर्तन की दिशा में धकेलता है। जब इस दृष्टि में शनि जैसा कर्मप्रधान ग्रह और शुक्र जैसा भोग एवं संबंधों का कारक ग्रह शामिल हों, तब व्यक्ति को यह तय करना पड़ता है कि वह तात्कालिक सुख चुने या दीर्घकालिक स्थिरता। इस समय शनि वक्री भी हैं, इसलिए पुराने निर्णय, अधूरे रिश्ते, वित्तीय गलतियां और करियर से जुड़े लंबित विषय दोबारा सामने आ सकते हैं।
वक्री शनि और शुक्र का यह योग रहेगा चुनौतिपूर्ण
शुक्र सिंह राशि में आत्मसम्मान, प्रतिष्ठा, प्रेम और वैभव को प्रमुखता देते हैं, जबकि शनि मीन राशि में वक्री होकर व्यक्ति को भीतर झांकने, अधूरे कर्मों का मूल्यांकन करने और वास्तविकता स्वीकार करने के लिए प्रेरित करते हैं। एक ओर शुक्र इच्छाओं को बढ़ाते हैं, वहीं दूसरी ओर वक्री शनि उन इच्छाओं की परीक्षा लेते हैं। इसलिए यह समय बिना तैयारी के बड़े आर्थिक फैसले, भावनात्मक निर्णय या केवल दिखावे के लिए किए गए खर्च को चुनौती दे सकता है। यह योग विशेष रूप से उन लोगों की परीक्षा ले सकता है जो पिछले कुछ महीनों से किसी महत्वपूर्ण निर्णय को टालते आ रहे हैं।
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों के लिए यह योग करियर और आय के बीच संतुलन बिगाड़ सकता है। नौकरी बदलने, बिजनेस विस्तार या नई साझेदारी को लेकर आकर्षक अवसर मिल सकते हैं, लेकिन हर प्रस्ताव उतना लाभदायक नहीं होगा जितना पहली नजर में दिखाई देगा। वक्री शनि संकेत देते हैं कि पुराने प्रोजेक्ट, अधूरे अनुबंध या वरिष्ठ अधिकारियों से जुड़े विषय फिर सामने आ सकते हैं। इस समय किसी भी ऑफर को केवल अधिक वेतन या त्वरित लाभ देखकर स्वीकार न करें। अपने सभी प्रोफेशनल दस्तावेजों की समीक्षा करें और बुधवार को भगवान विष्णु की उपासना के साथ शनिवार को श्रमिक वर्ग की सहायता करें। यही उपाय इस योग के नकारात्मक प्रभाव को कम करने में सहायक होगा।
सिंह राशि
शुक्र स्वयं सिंह राशि में होने के कारण इस राशि के जातकों की इच्छाएं, महत्वाकांक्षाएं और सामाजिक छवि प्रमुख विषय बनेंगी। लेकिन वक्री शनि इन सभी मामलों में धैर्य की परीक्षा ले सकते हैं। प्रेम संबंधों में अहंकार या अपनी बात मनवाने की प्रवृत्ति विवाद बढ़ा सकती है। कार्यक्षेत्र में भी केवल प्रतिष्ठा बचाने के लिए लिया गया निर्णय बाद में कठिनाई पैदा कर सकता है। इस समय स्वयं को सही साबित करने के बजाय परिस्थितियों को समझना अधिक लाभदायक रहेगा। शुक्रवार को माता लक्ष्मी की पूजा करें और शनिवार को संयमित वाणी का पालन करें। इससे संबंधों में संतुलन बना रहेगा।
कन्या राशि
कन्या राशि वालों के लिए यह योग बारहवें और सातवें भाव से जुड़े विषयों को सक्रिय कर सकता है। अचानक बढ़ते खर्च, विदेश संबंधी कार्य, अस्पताल, कानूनी प्रक्रिया या मानसिक तनाव जैसे विषय प्रमुख हो सकते हैं। यदि कोई आर्थिक योजना लंबे समय से लंबित है तो उसे व्यवस्थित करने की आवश्यकता होगी। किसी पर आंख बंद करके भरोसा करना नुकसान पहुंचा सकता है। ध्यान, नियमित दिनचर्या और खर्चों का लिखित हिसाब रखना इस समय सबसे व्यावहारिक उपाय रहेगा। शनिवार को काले तिल का दान करना और जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता करना भी शुभ माना जाएगा।
धनु राशि
धनु राशि वालों के लिए यह योग भाग्य और कर्म के बीच संतुलन की परीक्षा ले सकता है। यात्रा, उच्च शिक्षा, कानूनी मामलों या बड़े निवेश से जुड़े निर्णयों में अपेक्षा से अधिक देरी हो सकती है। कई बार ऐसा महसूस होगा कि परिस्थितियां साथ नहीं दे रहीं, जबकि वास्तविकता यह होगी कि शनि आपको हर निर्णय की गहराई से जांच करने का अवसर दे रहे हैं। इस समय जल्दबाजी में लिया गया निर्णय बाद में पछतावे का कारण बन सकता है। भगवान विष्णु और शनिदेव की उपासना करें तथा किसी भी महत्वपूर्ण दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने से पहले दोबारा जांच अवश्य करें।
मीन राशि
मीन राशि में वक्री शनि होने के कारण इस राशि के जातकों पर इसका प्रभाव सबसे गहरा रह सकता है। आत्मविश्वास, स्वास्थ्य, मानसिक स्थिरता और जीवन की दिशा से जुड़े प्रश्न बार-बार सामने आ सकते हैं। यदि किसी कार्य को लंबे समय से टाल रहे हैं तो अब उसे पूरा करने का दबाव महसूस होगा। यह समय स्वयं को दोष देने का नहीं बल्कि अपनी कार्यशैली में सुधार करने का है। नियमित दिनचर्या अपनाएं, स्वास्थ्य जांच को नजरअंदाज न करें और शनिवार को पीपल के वृक्ष के नीचे दीपक जलाकर शनिदेव का स्मरण करें। इससे मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है और ज्योतिष विद्या के अच्छे जानकार लेखक द्वारा विश्लेषण करके दी गई है। यह केवल सूचना के लिए दी जा रही है। आपके ऊपर इसका प्रभाव आपकी व्यक्तिगत जन्मकुंडली में ग्रहों की स्थिति और महादशाओं पर भी निर्भर करेगा। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
