बिजनेस

EPFO में क्यों नहीं दिख रहा ब्याज का पैसा?

अगर आपके EPFO अकाउंट में भी ब्याज का पैसा नहीं दिख रहा है तो ये खबर आपके काम की है। दरअसल, इसके पीछे एक सिस्टम है तो आइए आपको बताते हैं कब आपके अकाउंट में ब्याज का पैसा आएगा?

Image

EPFO

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने मार्च 2026 में ही वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पीएफ जमा राशि पर 8.25% की दर से वार्षिक ब्याज देने की सिफारिश की थी। सरकार के इस फैसले के बाद से देश के करोड़ों नौकरीपेशा लोग लगातार अपनी पासबुक चेक कर रहे हैं कि उनके खाते में ब्याज का पैसा आया या नहीं। लेकिन स्थिति यह है कि ज्यादातर सदस्यों के खातों में अभी ब्याज की रकम दिखाई नहीं दे रही है, जिससे लोग थोड़े असमंजस में हैं। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि इसके लिए परेशान होने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है, क्योंकि पीएफ का पैसा पूरी तरह सुरक्षित है और तय प्रक्रिया के तहत आपके खाते में जरूर आएगा। ऐसे में अगर आपके भी EPFO अकाउंट (EPFO Interest) में ब्याज का पैसा नहीं दिख रहा है तो आइए जानते हैं कब तक ये पैसा आपके अकाउंट में आएगा?

क्यों नहीं दिख रहा ब्याज का पैसा?

अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि वित्त वर्ष खत्म होने के बाद भी खातों में ब्याज क्यों नहीं दिखाई देता? दरअसल, इस पूरी प्रक्रिया के पीछे एक लंबा प्रशासनिक काम होता है। सबसे पहले श्रम एवं रोजगार मंत्रालय और वित्त मंत्रालय से आधिकारिक मंजूरी और अधिसूचना (Notification) जारी होती है। इसके बाद देश के करोड़ों पीएफ खातों का मिलान और उनके डेटा को अपडेट करने का काम शुरू होता है, जिसमें कई हफ्तों का समय लगना स्वाभाविक है। वित्तीय जानकारों के मुताबिक, भले ही अभी आपकी पासबुक में ब्याज की रकम एंट्री के रूप में न दिखे, लेकिन आपकी पात्र राशि पर ब्याज की गणना (कैलकुलेशन) लगातार बैकएंड में होती रहती है।

कब आएगा ब्याज का पैसा?

अगर हम पिछले साल के रिकॉर्ड को देखें, तो साल 2025 में बड़ी संख्या में पीएफ सदस्यों के खातों में जून और जुलाई के महीने के दौरान ब्याज का पैसा क्रेडिट किया गया था। पहले के समय में यह प्रक्रिया सितंबर या अक्टूबर तक खिंच जाती थी, लेकिन अब डिजिटल सिस्टम के कारण इसमें काफी तेजी आई है। इस साल यानी 2026 में भी पूरी संभावना है कि जून या जुलाई के अंत तक ब्याज का पैसा खातों में ट्रांसफर होना शुरू हो जाएगा, बशर्ते सरकार की अधिसूचना समय पर जारी हो जाए।

कई कर्मचारियों के मन में यह डर रहता है कि इस प्रशासनिक देरी के कारण कहीं उन्हें ब्याज का नुकसान तो नहीं होगा? नियमों के मुताबिक, पीएफ योजना में ब्याज की गणना मासिक रनिंग बैलेंस (Monthly Running Balance) के आधार पर की जाती है। इसका साफ मतलब यह है कि भले ही आपके खाते में एंट्री दो-चार महीने बाद दिखाई दे, लेकिन आपको पूरे साल का पूरा ब्याज मिलेगा। इस देरी की वजह से ब्याज की राशि में एक रुपये की भी कटौती नहीं होती है।

कैसे चेक करें ब्याज आया या नहीं?

जैसे ही सरकार की ओर से मंजूरी मिलेगी, ब्याज का पैसा आपकी पासबुक में दिखने लगेगा। इसे चेक करने के लिए आप उमंग (UMANG) ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं या ई-सेवा पोर्टल पर लॉगिन कर सकते हैं। इसके अलावा, अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 9966044425 पर एक मिस्ड कॉल देकर या 7738299899 पर एसएमएस भेजकर भी आसानी से बैलेंस जान सकते हैं। बस ध्यान रहे कि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए आपका यूएएन (UAN) एक्टिवेट होना चाहिए और वह पैन, बैंक खाते तथा केवाईसी दस्तावेजों से पूरी तरह लिंक हो।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article