New Delhi Varanasi Vande Bharat Sleeper : वंदे भारत ट्रेनों की सफलता के बाद रेलवे ने स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों के संचालन की कवायतें तेज कर दी हैं। 31 अक्टूबर को नयी दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना की जाएगी। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि इसी दिन वाराणसी को प्रयागराज रामबाग से और वाराणसी सिटी को राजा तालाब से जोड़ने वाली दो मेमू ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी।
पूरी तरह से वातानुकूलित और 16 डिब्बों वाली इस नयी दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 823 यात्रियों के बैठने/सोने की क्षमता है। इसमें प्रथम श्रेणी एसी का एक, द्वितीय श्रेणी एसी के चार और तृतीय श्रेणी एसी के 11 डिब्बे शामिल हैं।
दिल्ली-वाराणसी स्लीपर वंदे भारत
31 अक्टूबर को पहली सेवा के लिए केवल एक रेक लगाया जाएगा। इसे शाम 4:30 बजे वाराणसी से हरी झंडी दिखाई जाएगी और यह देर रात 1:30 बजे नयी दिल्ली पहुंचेगी।
रेलवे बोर्ड द्वारा स्वीकृत इसकी वाणिज्यिक परिचालन समय-सारणी के अनुसार, एक रेक (गाड़ी संख्या 27421) रात 8:50 बजे वाराणसी से रवाना होगा और अगली सुबह 5:55 बजे नयी दिल्ली पहुंचेगा। वहीं, दूसरा रेक (गाड़ी संख्या 27422) रात 9:40 बजे नयी दिल्ली से रवाना होगा और ट्रेन सुबह 6:45 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इस तरह प्रस्तावित टाइम-टेबल के मुताबिक यात्रा में लगभग 9 घंटे 5 मिनट लगेंगे।सप्ताह में छह दिन चलने वाली यह ट्रेन वाराणसी और नयी दिल्ली के अलावा प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल और चिपियाना बुजुर्ग स्टेशनों पर रुकेगी।
वापसी में यह ट्रेन प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन के चलने से पहले से संचालित वंदे भारत में एसी चेयरकार और एग्जीक्यूटिव चेयरकार सीटें उपलब्ध थीं। लेकिन अब स्लीपर वंदे भारत के चलने से यात्री और आरामदायक सफर कर सकेंगे। यही कारण है ट्रेन की रनिंग टाइमिंग रात्रि को चुना गया है, ताकि लोग चैन की नींद लेते हुए सफर पूरा कर सकें।
