Hormuz Crisis: पश्चिम एशिया में तनाव कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। होर्मुज स्ट्रेट में एक बार फिर तेल टैंकर को निशाना बनाया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पनामा के झंडे वाला तेल टैंकर एमटी लुईस-1 (MT LOUISE 1) पर प्रक्षेपास्त्र से हमला किया गया। इस जहाज पर 27 भारतीय नाविक सवार थे।
केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने तेल टैंकर पर हुए हमले की पुष्टि की और बताया कि टैंकर पर सवार सभी 27 भारतीय सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है कि तेल टैंकर पर हुए हमले की वजह से इंजन रूम में आग लग गई और टैंकर कुछ समय के लिए निष्क्रिय हो गया। हालांकि, चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।
दो दिनों में दो हमले
बकौल सर्बानंद सोनोवाल, लाइबेरिया के झंडे वाले तेल टैंकर VLCC MT ARZANAH पर 29 अक्टूबर को, जबकि पनामा के झंडे वाला तेल टैंकर MT LOUISE 1 पर 30 अक्टूबर को निशाना बनाया गया। दोनों जहाजों पर सवार सभी 29 भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'होर्मुज में भारतीय नाविकों वाले तेल टैंकर पर हमला', केंद्रीय मंत्री बोले- हम लगातार स्थिति पर रख रहे नजर
केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''सरकार स्थिति पर नजर रख रही है और भारतीय चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए शिप मैनेजमेंट कंपनियों के संपर्क में है।''
कुवैत के झंडे वाले टैंकर पर भी हो चुका है हमला
इससे पहले, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कुवैत के झंडे वाले टैंकर पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमले की जानकारी दी थी। इस टैंकर में भारतीय नाविक भी सवार थे। उन्होंने बताया था कि हमारे सभी 21 भारतीय नाविक सहित चालक दल के अन्य सदस्य भी सुरक्षित हैं। हम लगातार हालात पर नज़र रख रहे हैं।
