वाराणसी : वाराणसी में बदमाशों को पकड़ने गई क्राइम ब्रांच की टीम पर फायरिंग का मामला सामने आया है। लंका थाना क्षेत्र के नरिया इलाके में दबिश के दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इस घटना में क्राइम ब्रांच के कांस्टेबल अमित शुक्ला घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की टीम को इलाके में असलहा तस्करों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम दो संदिग्ध बदमाशों को पकड़ने के लिए नरिया पहुंची थी। इसी दौरान एक बदमाश ने कांस्टेबल अमित शुक्ला पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से कांस्टेबल घायल हो गए।घटना के बाद घायल पुलिसकर्मी को तत्काल ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
