STT Hike Explained: बजट 2026 में
STT में क्या बदला?
सरकार ने डेरिवेटिव्स सेगमेंट में सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स को बढ़ाया है, जिसका सीधा असर फ्यूचर्स और ऑप्शंस ट्रेडिंग पर पड़ेगा। फ्यूचर्स पर STT 0.02% से बढ़ाकर 0.05% कर दिया गया है, जबकि ऑप्शन प्रीमियम पर इसे 0.10% से बढ़ाकर 0.15% किया गया है। ऑप्शन एक्सरसाइज पर भी टैक्स बढ़ाकर 0.15% कर दिया गया है। सरकार का उद्देश्य F&O सेगमेंट में “कोर्स करेक्शन” करना और अतिरिक्त राजस्व जुटाना बताया गया है, लेकिन इसका सीधा असर ट्रेडर्स की लागत पर पड़ेगा।
छोटा बदलाव क्यों बड़ा झटका?
पहली नजर में STT में यह बढ़ोतरी मामूली लग सकती है, लेकिन ट्रेडिंग की प्रकृति को समझने पर इसका असर बड़ा दिखता है। ऑप्शन ट्रेडिंग में मार्जिन कम होता है और ट्रेड्स की संख्या ज्यादा होती है। ऐसे में हर ट्रेड पर थोड़ा बढ़ा टैक्स कुल मिलाकर बड़ा खर्च बन जाता है। मिसाल के तौर पर, अगर कोई ट्रेडर दिन में कई बार ट्रेड करता है या स्कैल्पिंग करता है, तो हर एंट्री और एग्जिट पर STT देना पड़ता है। इससे कुल लागत तेजी से बढ़ती है और नेट प्रॉफिट घट जाता है।
ऑप्शन ट्रेडर्स पर सबसे ज्यादा असर
ऑप्शन ट्रेडर्स खासतौर पर इस बदलाव से प्रभावित होंगे क्योंकि उनका गेम वॉल्यूम पर चलता है। एक सामान्य ऑप्शन ट्रेड में प्रीमियम छोटा होता है, लेकिन ट्रेड की संख्या ज्यादा होती है। जैसे यदि किसी ट्रेड में प्रीमियम वैल्यू 5,000 रुपये है, तो STT पहले 5 रुपये था जो अब 7.5 रुपये हो गया। एक ट्रेड में यह फर्क छोटा है, लेकिन अगर महीने में 300 ट्रेड किए जाएं, तो अतिरिक्त STT 750 रुपये तक पहुंच सकता है। यानी कम मार्जिन वाले ट्रेड में यह लागत सीधे रिटर्न को खा जाती है।
हाई-फ्रीक्वेंसी और स्कैल्पिंग स्ट्रेटेजी पर असर
हाई-फ्रीक्वेंसी ट्रेडिंग और स्कैल्पिंग में ट्रेडर्स छोटे-छोटे प्रॉफिट पर काम करते हैं। यहां 1-2% का मूव ही कमाई का आधार होता है। ऐसे में अगर लागत बढ़ती है, तो कई ट्रेड्स में प्रॉफिट खत्म होकर लॉस में बदल सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ी हुई STT “इम्पैक्ट कॉस्ट” को बढ़ाएगी, जिससे ट्रेडर्स, हेजर्स और आर्बिट्राज प्लेयर्स की रणनीतियों पर असर पड़ेगा। इसका मतलब है कि बाजार में लिक्विडिटी भी घट सकती है।
फ्यूचर्स ट्रेडर्स के लिए भी महंगा सौदा
फ्यूचर्स में STT बढ़ोतरी और भी बड़ा असर डालती है क्योंकि यहां कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू ज्यादा होती है। उदाहरण के तौर पर 50 लाख रुपये के कॉन्ट्रैक्ट पर STT पहले 1,000 रुपये था, जो अब बढ़कर 2,500 रुपये हो गया है। अगर कोई ट्रेडर महीने में कई ट्रेड करता है, तो केवल STT के कारण ही हजारों रुपये अतिरिक्त खर्च हो सकता है।
विदेशी निवेशकों और वॉल्यूम पर असर
STT बढ़ने का असर केवल रिटेल ट्रेडर्स तक सीमित नहीं है। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक, खासकर जो डेरिवेटिव्स और हाई-फ्रीक्वेंसी ट्रेडिंग में सक्रिय हैं, उनके लिए भारत में ट्रेडिंग कम आकर्षक हो सकती है। विशेषज्ञ मानते हैं कि इससे शॉर्ट टर्म में F&O वॉल्यूम में कमी आ सकती है, जिससे एक्सचेंज और ब्रोकरेज कंपनियों के बिजनेस पर भी असर पड़ सकता है।
क्या बदलनी पड़ेगी ट्रेडिंग स्ट्रेटेजी
इस बदलाव के बाद ट्रेडर्स को अपनी रणनीति पर फिर से विचार करना होगा। अब केवल ज्यादा ट्रेड करना ही फायदा नहीं देगा, बल्कि क्वालिटी ट्रेड और बेहतर रिस्क-रिवार्ड रेशियो जरूरी होगा। लंबे समय के निवेशकों पर इसका असर सीमित रहेगा, लेकिन डेली ट्रेडर्स और ऑप्शन राइटर्स को अपनी लागत और प्रॉफिट के समीकरण को फिर से संतुलित करना होगा।
