शहर

राम मंदिर में 'महापाप': चंदा चोरी को लेकर केजरीवाल ने छेड़ा न्याय का महासंग्राम; शुरू होगा देशव्यापी सिग्नेचर कैंपेन

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी करने वाले आरोपियों को सजा दिलवाने को लेकर रविवार को सुंदरकांड पाठ कराने और देश भर में सिग्नेचर कैंपेन चलाने की घोषणा की।

Image

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल

दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर निर्माण और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। केजरीवाल ने मंदिर में हुई कथित 'डकैती' और घोटाले के दोषियों को सजा दिलाने की मांग करते हुए रविवार को दिल्ली में सुंदरकांड पाठ आयोजित करने और देशव्यापी सिग्नेचर कैंपेन (हस्ताक्षर अभियान) शुरू करने की घोषणा की है।

रविवार को रोहिणी में होगा सुंदरकांड का आयोजन

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि इस मुहिम की शुरुआत दिल्ली के रोहिणी स्थित जेएमडी टेंट, जापानी पार्क (सेक्टर-10) में रविवार सुबह 10 बजे सुंदरकांड पाठ के साथ होगी। उन्होंने सभी राम भक्तों और श्रद्धालुओं से भारी संख्या में पहुंचने की अपील की है। केजरीवाल ने कहा कि पाठ के बाद हनुमान जी का आशीर्वाद लेकर प्रधानमंत्री को संबोधित एक पत्र पर हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा, जो पूरे देश में चलाया जाएगा।

पार्टी मुख्यालय मे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर मंदिर ट्रस्ट से जुड़े लोगों को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "पिछले कुछ दिनों का घटनाक्रम यह दिखाता है कि मोदी सरकार ऊपर से नीचे तक उन लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है, जिन्होंने श्रीराम जी के घर में चोरी और डकैती करने का महापाप किया है।

केजरीवाल ने मुख्य रूप से तीन गंभीर आरोप लगाए

मंदिर ट्रस्ट द्वारा 2 करोड़ रुपये की जमीन 18 करोड़ रुपये में खरीदने के दस्तावेजी सबूत होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। निर्माण कंपनियों के इंजीनियरों द्वारा 40 प्रतिशत कमीशन मांगने के आरोप लगाए गए, लेकिन इसकी कोई जांच नहीं की गई। सीसीटीवी में दर्ज घटनाओं के बावजूद बड़े दोषियों पर कार्रवाई के बजाय केवल आठ छोटे कर्मचारियों को पकड़कर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है।

प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा करोड़ों राम भक्तों का पत्र

इस सिग्नेचर कैंपेन के तहत, राम भक्त प्रधानमंत्री को एक पत्र लिखेंगे, जिसमें मंदिर में हुई कथित चोरी और घोटाले पर गहरी पीड़ा व्यक्त की जाएगी। पत्र में कहा गया है कि "श्री राम मंदिर में हुई चढ़ावा चोरी ने मुझे अंदर तक झकझोर दिया है। आपने ट्रस्ट के सदस्यों को नियुक्त किया जो आपके बेहद करीबी हैं। अब जब इतने बड़े स्तर पर बेईमानी हुई है, तो आपकी चुप्पी से मैं आहत हूं। भगवान राम के मंदिर से चोरी करने वाले दोषियों को सरेआम फांसी दी जानी चाहिए।"

धर्म का कार्य मानकर आगे आने की अपील

अरविंद केजरीवाल ने इसे राजनीतिक लड़ाई से इतर 'सनातनी धर्म' का फर्ज बताया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल आम आदमी पार्टी की नहीं, बल्कि हर उस राम भक्त की है जो इस घटनाक्रम से आहत है। केजरीवाल ने विश्वास जताया कि जब लोग पूरी श्रद्धा के साथ भगवान की शरण में जाकर अपनी आवाज उठाएंगे, तो दोषियों को जरूर सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जो भी इस अभियान में शामिल होकर दोषियों को सजा दिलवाने का प्रयास करेगा, प्रभु श्री राम उनका और उनके परिवार का कल्याण करेंगे।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!