The Kerala Story Tax Free : यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने फिल्म 'द केरल स्टोरी' (The Kerala Story) को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री (Tax Free) घोषित कर दिया है। इससे पहले मध्य प्रदेश में भी इस फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया गया था। किसी फिल्म को टैक्स फ्री करने का क्या मतलब होता है और इससे मूवी टिकट कितना सस्ता हो जाता है, आगे जानिए।
हट जाता है एंटरटेनमेंट टैक्स
अगर कोई फिल्म भारत के किसी राज्य में टैक्स फ्री घोषित की जाती है, तो इसका मतलब है कि उस राज्य ने फिल्म के टिकट पर से एंटरटेनमेंट टैक्स (Entertainment Tax) माफ कर दिया है। अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग रेट के हिसाब से एंटरटेनमेंट टैक्स लगता है।
राज्य किसी फिल्म को टैक्स फ्री करने के लिए अपने हिसाब से फैसला करते हैं।
कितना सस्ता हो जाता है मूवी टिकट
पहले मूवी टिकट पर 28 फीसदी जीएसटी लगता था। बाद में 100 रुपये से कम कीमत वाले टिकट पर 12% और 100 रुपये से अधिक की कीमत वाले टिकट पर 18% जीएसटी रेट लागू किया गया। ये टैक्स फंड केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बराबर बंटता है।
जब कोई राज्य फिल्म टैक्स फ्री करता है तो इसके नतीजे में केवल एसजीएसटी (स्टेट जीएसटी) कटता है। जबकि सीजीएसटी (सेंट्रल जीएसटी) बरकरार रहता है। ऐसे में टिकट की कीमत के आधार पर छूट 6% से 9% तक हो सकती है। ध्यान रहे कि कुछ राज्य एंटरटेनमेंट टैक्स के ऊपर जीएसटी लगाते हैं।
क्यों की जाती है टैक्स फ्री
फिल्म के विषय या थीम के आधार पर उस पर एंटरटेनमेंट टैक्स में छूट दी जाती है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि फिल्म को ज्यादा से ज्यादा लोग देखें। वास्तव में किसी फिल्म को टैक्स फ्री किए जाने के लिए कोई तय नियम नहीं है। अलग-अलग फिल्म के आधार पर राज्य सरकारें अपनी टैक्स इनकम छोड़ने का फैसला करती हैं।
फिल्ममेकर्स और दर्शकों को राहत
किसी मूवी को टैक्स फ्री करने से फिल्म निर्माताओं को राहत मिलती है, क्योंकि राज्य सरकार के इस कदम को फिल्म के सपोर्ट पर माना जाता है। वहीं दर्शकों को टिकट सस्ता पड़ता है, ये उनके लिए राहत होती है।
