Mutual Fund Switching : अगर आपने किसी ऐसे म्यूचुअल फंड में इन्वेस्ट किया है, जिसने पिछले कुछ साल में एवरेज रिटर्न दे रहा है और अब किसी दूसरे "टॉप-परफॉर्मिंग" फंड में इन्वेस्ट करने के बारे में सोच रहे हैं, तो थोड़ा रुकिए। क्योंकि, इन्वेस्टमेंट एक्सपर्ट्स का कहना है कि हर साल सबसे ज्यादा रिटर्न देने वाले फंड के पीछे भागने से लंबे समय में आपकी दौलत बढ़ने की जगह घट सकती है। यह सिर्फ गलत फंड चुनने की वजह से नहीं होता, बल्कि बार-बार इन्वेस्टमेंट बदलने की आदत की वजह से भी होता है, जिसका असर टैक्स, एग्जिट लोड और कंपाउंडिंग की पावर पर पड़ता है।
फंड बदलने की इतनी जल्दी क्यों?
इन दिनों, सोशल मीडिया, यूट्यूब, व्हाट्सएप और इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म पर पिछले साल सबसे अच्छा रिटर्न देने वाले म्यूचुअल फंड के बारे में चर्चा हो रही है। जिन इन्वेस्टर्स के फंड उस लिस्ट में नहीं होते, उन्हें अक्सर लगता है कि उन्होंने शायद गलत फंड चुन लिया है। फिर तुलना शुरू होती है। कोई दोस्त ज्यादा कमाई का दावा करता है, कोई यूट्यूबर नए फंड की सलाह देता है, या कोई वेबसाइट किसी स्कीम को नंबर वन बताती है। इसलिए, इन्वेस्टर अपना पुराना फंड बेचकर नए "स्टार परफॉर्मर" में इन्वेस्ट करते हैं। लेकिन यह फैसला अक्सर इन्वेस्टमेंट लॉजिक से ज्यादा इमोशन पर आधारित होता है। इन्वेस्टमेंट की दुनिया में, इसे "परफॉर्मेंस चेजिंग" कहा जाता है।
कोई नहीं जानता आगे क्या चलेगा?
शेयर मार्केट लगातार बदल रहा है। कभी लार्ज-कैप फंड बेहतर परफॉर्म करते हैं, कभी मिड-कैप और स्मॉल-कैप फंड बेहतर परफॉर्म करते हैं। कभी वैल्यू स्टॉक चमकते हैं, तो कभी ग्रोथ स्टॉक बेहतर रिटर्न देते हैं। इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि पिछले साल का विनर अगले साल नंबर वन होगा। इसका मतलब है कि सिर्फ पिछले साल के परफॉर्मेंस के आधार पर इन्वेस्टमेंट के फैसले लेना रिस्की हो सकता है। मार्केट लीडरशिप लगातार बदल रही है, इसलिए सिर्फ पिछले रिटर्न भविष्य के रिटर्न की गारंटी नहीं हैं।
फंड बदलने से नुकसान कैसे होता है?
जब भी कोई इन्वेस्टर म्यूचुअल फंड बेचकर दूसरा खरीदता है, तो उसे कई तरह के खर्च उठाने पड़ सकते हैं। इनमें एग्जिट लोड, कैपिटल गेन टैक्स शामिल हैं, और सबसे बड़ा नुकसान कंपाउंडिंग का नुकसान है। इसके अलावा, ज्यादातर इन्वेस्टर घबराकर मार्केट गिरने पर फंड बेच देते हैं और मार्केट बढ़ने पर दोबारा इन्वेस्ट करते हैं। इसका मतलब है कि वे कम कीमत पर बेचते हैं और ज़्यादा कीमत पर खरीदते हैं। यही वजह है कि कई इन्वेस्टर्स का असल रिटर्न फंड के बताए गए रिटर्न से कम हो जाता है।
कंपाउंडिंग की ताकत को न खोएं
एक्सपर्ट कहते हैं कि इन्वेस्टिंग में साइकोलॉजी का बड़ा रोल होता है। बार-बार फंड बदलने से इन्वेस्टर्स कंपाउंडिंग के फायदे खो देते हैं, टैक्स और एग्जिट लोड लगते हैं, और मार्केट को टाइम करने की कोशिश में गलतियां करते हैं। मसलन, अगर किसी इन्वेस्टर ने 2006 और 2024 के बीच BSE सेंसेक्स के सबसे अच्छे ट्रेडिंग दिनों में से सिर्फ 5 दिन मिस कर दिए होते, तो उनका एवरेज सालाना रिटर्न लगभग 14% से घटकर 11% हो जाता। यही वजह है कि मार्केट में बने रहना, मार्केट को टाइम करने से ज्यादा अहम माना जाता है।
फंड का रिव्यू करें
एक्सपर्ट्स का कहना है कि साल में एक बार अपने म्यूचुअल फंड का रिव्यू करना एक अच्छी आदत है, लेकिन हर रिव्यू के बाद फंड बदलना एक बुरी स्ट्रैटेजी है। रिव्यू का मकसद यह पता लगाना होना चाहिए कि क्या फंड अभी भी वही इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजी अपना रहा है, क्या उसका रिस्क लेवल आपके लक्ष्यों के हिसाब से है, और क्या वह अपने इन्वेस्टमेंट के मकसद को पूरा कर रहा है। सिर्फ पिछले साल के रिटर्न के आधार पर रिव्यू करने से गलत फैसला हो सकता है। सही तरीका यह है कि पूरे मार्केट साइकिल और कई सालों में फंड के परफॉर्मेंस पर ध्यान दिया जाए।
फंड कब बदलना चाहिए?
एक्सपर्ट्स के मुतसबिक सिर्फ़ कम रिटर्न ही आपके फंड को बदलने का कारण नहीं होना चाहिए। फंड में बदलाव के बारे में तभी सोचना चाहिए जब कोई बड़ा बदलाव हुआ हो। जैसे- फंड का इन्वेस्टमेंट का मकसद बदल गया हो। इन्वेस्टमेंट की स्ट्रेटेजी या स्टाइल बदल गया हो। फंड ने कई सालों तक लगातार अपने बेंचमार्क और कॉम्पिटिटर्स से कम परफॉर्म किया हो। फंड मैनेजर में बड़ा बदलाव हुआ हो। इसके अलावा अगर आपके फाइनेंशियल गोल या रिस्क लेने की क्षमता बदल गई हो या आपके पोर्टफोलियो में बहुत सारे एक जैसे फंड हों।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : Hormuz Strait को लेकर ईरान-ओमान की डील पर टिकी दुनिया की नजर, क्रूड ही नहीं महंगी हो सकती है हर चीज
